उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उलिहातु में बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, वंशजों से की मुलाकात

28 Mar 2026 13:58:53
उलिहातु


Governor


C p


उप राष्ट्रपति


खूंटी, 28 मार्च (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को झारखंड के खूंटी जिले स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु पहुंचे। उनके साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी मौजूद रहे।

उपराष्ट्रपति और राज्यपाल ने उलिहातु पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात की और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। यह कार्यक्रम श्रद्धा और सम्मान के माहौल में आयोजित किया गया।

अपने दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति ने वहां उपस्थित बच्चों से संवाद भी किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उपरष्ट्रपति बिरसा कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जहां उन्होंने पुनः बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। यहां उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और हालात के बारे में जानकारी ली।

इससे पहले उपराष्ट्रपति के आगमन पर हेलीपैड पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्यपाल के साथ मिलकर उपराष्ट्रपति का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपायुक्त आर. रॉनिटा और पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, उपराष्ट्रपति के सचिव अमित खरे समेत कई गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

उपराष्ट्रपति के इस दौरे को आदिवासी गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनके विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Powered By Sangraha 9.0