खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: निकिता ने छत्तीसगढ़ को दिलाया पहला स्वर्ण, तैराकी में ओडिशा की महिलाओं का दबदबा

28 Mar 2026 21:45:53
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: निकिता ने छत्तीसगढ़ को दिलाया पहला स्वर्ण, तैराकी में ओडिशा की महिलाओं का दबदबा


रायपुर, 28 मार्च (हि.स.)। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के चौथे दिन मेजबान छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक पल तब आया, जब वेटलिफ्टर निकिता ने राज्य को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। वहीं, तैराकी स्पर्धाओं में ओडिशा की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

महिलाओं के 77 किलोग्राम वर्ग में निकिता ने कुल 160 किलोग्राम (स्नैच में 70 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 90 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने ओडिशा की श्रीमती जानी को बड़े अंतर से पीछे छोड़ा, जबकि असम की जॉयश्री पातिर ने कांस्य पदक हासिल किया। निकिता की यह जीत मेजबान राज्य के लिए खास रही, क्योंकि तैराकी में कई रजत और कांस्य मिलने के बावजूद स्वर्ण का इंतजार जारी था।

तैराकी में ओडिशा की महिलाओं का दबदबा साफ देखने को मिला। रितिका मिंज ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण जीता, जबकि अंजलि मुंडा ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद ओडिशा की टीम ने 4x100 मीटर मेडले रिले में भी स्वर्ण जीतकर दिन का शानदार समापन किया। अंजलि मुंडा इस प्रतियोगिता की सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल रहीं, जिन्होंने कुल पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

वहीं, असम के लिए भी यह दिन यादगार रहा। भाई-बहन निबिर क्रो और वायोलिना क्रो ने एक साथ पदक जीतकर जश्न मनाया। निबिर ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीता, जबकि वायोलिना ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल में कांस्य हासिल किया।

वेटलिफ्टिंग में अरुणाचल प्रदेश के पुरुष खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रूबा ताडू और लालू ताकू ने अपने-अपने वर्ग में जीत दर्ज कर राज्य को पदक तालिका में मजबूत स्थिति दिलाई।

पदक तालिका की बात करें तो कर्नाटक 15 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। ओडिशा दूसरे स्थान पर है, जबकि असम तीसरे स्थान पर काबिज है। मेजबान छत्तीसगढ़ एक स्वर्ण सहित कुल आठ पदकों के साथ सातवें स्थान पर है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0