
बहरामपुर, 28 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में शुक्रवार शाम राम नवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने शनिवार सुबह तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रघुनाथगंज में धारा 144 लागू करने के साथ ही प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार जंगीपुर और रघुनाथगंज क्षेत्र में राम नवमी के जुलूस के दौरान विवाद के बाद दो पक्षों के बीच झड़प हो गई थी। देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई और दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। इस दौरान कई दुकानों और संपत्तियों में तोड़फोड़ की गई और कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं।
जानकारी के मुताबिक, रघुनाथगंज के मैकेंजी पार्क की ओर जा रहे जुलूस के दौरान संगीत बजाने को लेकर सिसातला इलाके में जुलूस में शामिल लोगों और स्थानीय निवासियों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद फुलतला मोड़ के पास भी पथराव की घटना हुई, जहां कथित तौर पर 150 से 200 लोगों की भीड़ ने जुलूस को निशाना बनाया।
स्थिति बिगड़ने के बाद उग्र भीड़ ने आसपास की कई फलों की दुकानों में तोड़फोड़ की और उनमें आग लगा दी, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया। शनिवार सुबह से ही संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और शांति बनाए रखने के लिए रूट मार्च भी किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
मुर्शिदाबाद के डीआईजी अजीत सिंह यादव ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। इलाके में पर्याप्त पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई है। हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और गिरफ्तारियां भी की गई हैं।
एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। शांति और सामान्य स्थिति बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त जारी है। हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन ने रघुनाथगंज और जंगीपुर पुलिस जिले के कुछ अन्य इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के तहत धारा 144 लागू कर दी है, जिसके तहत चार या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता धनंजय घोष ने आरोप लगाया कि यह हिंसा पूर्व नियोजित थी और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
वहीं, जंगीपुर नगरपालिका के चेयरमैन मोफिजुल इस्लाम ने कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं हैं। प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाना चाहिए और शांति सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर