कांग्रेस ने अपनी नीतियों से राज्य में अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दिया : अमित शाह

29 Mar 2026 16:19:53
शोणितपुर में जनसभा को संबोधित करते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह


शोणितपुर (असम), 29 मार्च (हि.स.)। असम के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोणितपुर में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस पर अपना हमला और तेज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पार्टी ने ऐतिहासिक रूप से अपनी नीतियों के जरिए राज्य में अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दिया है और अब केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे सुधारात्मक कदमों का विरोध कर रही है।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने ‘अवैध प्रवासी (ट्रिब्यूनल द्वारा निर्धारण) अधिनियम’ (आईएमडीटी) इसलिए बनाया था ताकि असम में घुसपैठियों को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने अवैध प्रवासियों की पहचान करने और उन्हें हटाने के केंद्र सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह मुद्दा सरकार के लिए हमेशा से ही एक प्राथमिकता रहा है।

पूरे देश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का ज़िक्र करते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर इस प्रक्रिया का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के विरोध से अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं।

असम कांग्रेस के नेता और लाेकसभा सांसद गौरव गोगोई को निशाने पर लेते हुए अमित शाह ने उन्हें चुनौती दी कि वे राज्य की जनता के सामने अपना रुख स्पष्ट करें। कहा कि अगर गौरव गोगोई यहां आते हैं, तो उनसे पूछिए कि वे एसआईआर का विरोध क्यों कर रहे हैं। उन्हें यह साफ करना चाहिए कि वे घुसपैठियों के साथ खड़े हैं या उनके खिलाफ।

उल्लेखनीय है कि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने असम दौरे की शुरुआत में शनिवार शाम को गुवाहाटी में एक भव्य रोड शो किया था, जिसमें लाखों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। आज भी शाह नलबाड़ी समेत अन्य चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले हैं।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Powered By Sangraha 9.0