(अपडेट) ‘मन की बात’ में स्थिरता का भरोसा, वैश्विक चुनौतियों से निपटने को तैयार भारत: नितिन नवीन

29 Mar 2026 16:14:53
‘Mann Ki Baat’ program listening BJP President Nitin Navin


गुवाहाटी, 29 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को सामूहिक रूप से सुना।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आश्वस्त किया है कि वैश्विक तनावों के बावजूद भारत पूरी तरह स्थिर है और किसी भी उभरती चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से जनता से अपील की है कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि भारत के विभिन्न देशों के साथ मजबूत कूटनीतिक संबंधों के कारण स्थिति सामान्य बनी हुई है। उन्होंने जानकारी दी कि 20 से अधिक तेल और गैस ले जाने वाले जहाज सुरक्षित रूप से भारत पहुंच चुके हैं, जबकि कई अन्य रास्ते में हैं, जिससे देश में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित सऊदी अरब, यूएई, कतर और फ्रांस जैसे देशों के नेताओं के संपर्क में हैं, ताकि वैश्विक स्थिति पर नजर रखी जा सके और भारत के हितों की रक्षा की जा सके।

प्रधानमंत्री ने देश में पर्याप्त ईंधन भंडार होने की बात दोहराते हुए कहा कि सरकार किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही, उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने की अपील की।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने खेल क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम को लंबे अंतराल के बाद रणजी ट्रॉफी जीतने पर बधाई दी। उन्होंने नगालैंड के पारंपरिक ‘मोरुंग’ शिक्षा मॉडल और मणिपुर में पीएम सूर्य घर योजना के तहत हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

नितिन नवीन के अनुसार, असम में 25 हजार से अधिक बूथों पर लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0