- वेटलिफ्टिंग में मिजोरम ने चमक बिखेरी
रायपुर/अंबिकापुर, 29 मार्च (हि.स.)। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पांचवें दिन कुश्ती और वेटलिफ्टिंग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंबिकापुर में शुरू हुई कुश्ती प्रतियोगिता के पहले ही दिन झारखंड और हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम किया। वहीं वेटलिफ्टिंग में मिजोरम ने दो स्वर्ण के साथ प्रतियोगिता का समापन किया।
झारखंड ने अपने स्वर्ण पदकों का खाता पूनम ओरांव के जरिए खोला, जिन्होंने महिलाओं के 50 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में तेलंगाना की गीता को 6-3 से हराया। इसके बाद अंजित कुमार मुंडा ने पुरुषों के 67 किलोग्राम ग्रीको-रोमन वर्ग में गुजरात के मुकेश वासवा को तकनीकी श्रेष्ठता से हराकर दूसरा स्वर्ण दिलाया।
हिमाचल प्रदेश के लिए नविश कुमार (97 किग्रा ग्रीको-रोमन) और प्रियंका चौधरी (महिला 62 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को मजबूती दी।
वेटलिफ्टिंग में मिजोरम के जोसांगजुआली (महिला +86 किग्रा) और डेविड जोहमिंगमाविया (पुरुष +110 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को पदक तालिका में पांचवें स्थान तक पहुंचा दिया।
अरुणाचल प्रदेश के साम्बो लापुंग ने पुरुषों के 100 किलोग्राम वर्ग में 299 किलोग्राम कुल वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जिससे उनका राज्य असम को पछाड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गया। मिजोरम के डेविड लाल ज़ावमडिका को रजत और छत्तीसगढ़ के लकी बाबू मरकाम को कांस्य पदक मिला।
महाराष्ट्र ने भी पदक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की। साक्षी बुरकुले ने महिला 86 किलोग्राम वर्ग में 150 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि कुश्ती में विनोद सालकर ने पुरुषों के 125 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में शीर्ष स्थान हासिल किया।
मेजबान छत्तीसगढ़ को वेटलिफ्टिंग में ऋषिका कश्यप के रूप में रजत और लकी बाबू मरकाम के रूप में कांस्य पदक मिला, लेकिन कुल मिलाकर राज्य नौवें स्थान पर खिसक गया।
जम्मू-कश्मीर ने भी कुश्ती में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना खाता खोला। मुनीर हुसैन ने पुरुषों के 74 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में महाराष्ट्र के विक्रम पवार को 11-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि शमा हून को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
पदक तालिका में कर्नाटक 15 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि ओडिशा दूसरे स्थान पर और अरुणाचल प्रदेश तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। प्रतियोगिता में आगे भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय