ओली ने जिस पुलिस हेडक्वार्टर का किया था उद्घाटन, उसी में गिरफ्तार कर लाए गए

29 Mar 2026 14:32:53
ओली और लेखक के द्वारा पुलिस भवन का उद्घाटन


काठमांडू, 29 मार्च (हि.स.)। काठमांडू स्थित जिस पुलिस मुख्यालय का उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और उनके गृहमंत्री रहे रमेश लेखक ने किया था, शनिवार को उसी भवन में एक आरोपित के रूप में उन्हें हिरासत में लाया गया।

25 अगस्त 2024 को तत्कालीन प्रधानमंत्री ओली और गृहमंत्री लेखक ने काठमांडू के भद्रकाली में जिला पुलिस मुख्यालय भवन का उद्घाटन किया था।

विडंबना यह है कि उस पुलिस भवन में उद्घाटन के करीब 19 महीने बाद इन दोनों को चर्चित आरोपित के रूप में गिरफ्तार कर लाया गया। ओली और लेखक ने कभी सोचा नहीं होगा कि उन्हें उसी पुलिस हेडक्वार्टर में आरोपित के रूप में हिरासत में रहना होगा, जिसका उन्होंने खुद उद्घाटन किया था।

शनिवार सुबह पूर्व प्रधानमंत्री ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक को प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलवा कर हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर काठमांडू जिला के पुलिस मुख्यालय में हिरासत में रखा गया था।

8 सितंबर 2025 को हुए जेन जी प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोली से 27 छात्रों की मौत हो गई और इस पूरे घटनाक्रम में कुल 76 लोगों की जान गई थी।

इस घटना की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग ने ओली और लेखक को इन छात्रों की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए इनके खिलाफ हत्या का मामला चलने की सिफारिश की थी।

नेपाल में शुक्रवार को बालेन्द्र सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ओली और लेखक को गिरफ्तार करने का फैसला किया गया था जिसके बाद शनिवार सुबह दोनों को गिरफ्तार किया गया। इस समय ओली को काठमांडू के शिक्षण अस्पताल में रखा गया है जबकि पूर्व गृहमंत्री लेखक इसी भवन में हिरासत में बंद हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0