लेबनान में ‘सुरक्षा क्षेत्र’ बढ़ाने का आदेश, नेतन्याहू बोले—खतरे को पूरी तरह खत्म करेंगे

29 Mar 2026 23:29:53

येरुशलम, 29 मार्च (हि.स.)। बेंजामिन नेतन्याहू ने लेबनान में चल रहे सैन्य अभियान के बीच बड़ा फैसला लेते हुए सेना को “सुरक्षा क्षेत्र” (सिक्योरिटी जोन) और विस्तार करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने और संभावित हमलों के खतरे को खत्म करने के लिए उठाया गया है।

वीडियो बयान में नेतन्याहू ने कहा कि लेबनान में मौजूदा सुरक्षा क्षेत्र को और बढ़ाने का उद्देश्य हिज्बुल्लाह के हमलों को पूरी तरह निष्क्रिय करना है, ताकि सीमा के पास एंटी-टैंक मिसाइल हमलों को रोका जा सके।

उत्तरी कमान के दौरे के दौरान उन्होंने दावा किया कि हिज़्बुल्लाह के पास अभी भी कुछ सीमित क्षमता बची है, जिससे वह रॉकेट दाग सकता है, लेकिन इजराइली सेना ने उसे काफी कमजोर कर दिया है।

नेतन्याहू ने क्षेत्रीय परिदृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान, हिज़्बुल्लाह और हमास अब पहले जैसे मजबूत नहीं रहे। उनके मुताबिक, ये अब “अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे पराजित दुश्मन” हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इजराइल अपने लक्ष्य को लेकर पूरी तरह दृढ़ है और अभियान जारी रहेगा। नेतन्याहू ने कहा, “हम संकल्पित हैं, हम लड़ रहे हैं और ईश्वर की कृपा से हम जीत रहे हैं।”

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0