टॉप 10 में शामिल 7 कंपनियों के मार्केट कैप में 1.75 लाख करोड़ की गिरावट, रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान

29 Mar 2026 19:18:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के कारण देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल सात कंपनियों के मार्केट कैप में गिरावट आ गई, जबकि तीन कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हो गई। शीर्ष स्थान पर मौजूद इन दस कंपनियों में से सात के मार्केट कैप में सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद 1.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। इनमें सबसे अधिक नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ, जबकि नुकसान उठाने के मामले में एचडीएफसी बैंक दूसरे स्थान पर रही।

दूसरी ओर, टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल कंपनियों में शेष बची तीन कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। इनमें सबसे अधिक फायदा लार्सन एंड टूब्रो को हुआ, जबकि बजाज फाइनेंस मुनाफा कमाने के मामले में दूसरे स्थान पर रही। पिछले सप्ताह के उतार-चढ़ाव के कारण भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों के सूची से बाहर हो गई, जबकि लार्सन एंड टूब्रो ने एक बार फिर इस सूची में अपनी जगह बना ली।

इस सप्ताह के कारोबार के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मार्केट कैप में 1,75,332.97 करोड़ रुपये की गिरावट आ गई। दूसरी ओर, लार्सन एंड टूब्रो, बजाज फाइनेंस और इंफोसिस के मार्केट कैप में 32,977.34 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई।

16 मार्च से 20 मार्च के बीच हुए कारोबार के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 89,720.30 करोड़ रुपये घट कर 18,24,515.62 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 37,248.59 करोड़ रुपये गिर कर 11,64,018.69 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 35,399.42 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 9,41,569.15 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 8,121.76 करोड़ रुपये कम होकर 8,83,551.30 करोड़ रुपये के स्तर पर, भारती एयरटेल का मार्केट कैप 2,480.42 करोड़ रुपये फिसल कर 10,50,413.33 करोड़ रुपये के स्तर पर, हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 2,091.13 करोड़ रुपये घट कर 4,87,540.19 करोड़ रुपये के स्तर पर और टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 271.35 करोड़ रुपये की कमी के साथ 8,64,668.65 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

दूसरी ओर, लार्सन एंड टूब्रो का मार्केट कैप 18,051.68 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 4,90,536.19 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 8,680.36 करोड़ रुपये की मजबूती के साथ 5,25,395.48 करोड़ रुपये के स्तर पर और इंफोसिस का मार्केट कैप 6,245.30 करोड़ रुपये की उछाल के साथ 5,15,034.67 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 18,24,515.62 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 11,64,018.69 करोड़ रुपये), भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 10,50,413.33 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 9,41,569.15 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 8,83,551.30 करोड़ रुपये), टीसीएस (कुल मार्केट कैप 8,64,668.65 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 5,25,395.48 करोड़ रुपये), इंफोसिस (कुल मार्केट कैप 5,15,034.67 करोड़ रुपये), लार्सन एंड टूब्रो (कुल मार्केट कैप 4,90,536.19 करोड़ रुपये) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 4,87,540.19 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0