डॉ वीरेंद्र कुमार ने की एनसीसीडीआर की 5वीं बैठक की अध्यक्षता

युगवार्ता    29-Mar-2026
Total Views |
केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की फाइल फोटो


नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में रविवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में राष्ट्रीय नशामुक्ति एवं पुनर्वास सलाहकार समिति (एनसीसीडीआर) की 5वीं बैठक आयोजित की गई।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. वीरेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय परामर्श समिति के सभी सदस्यों से मादक पदार्थों की मांग में कमी लाने के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दे पर सक्रिय रूप से और नियमित रूप से अपने विचार, सुझाव और प्रतिक्रिया साझा करने का आग्रह किया।

बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। इनमें निवारक प्रयासों को सुदृढ़ करना, नशामुक्ति और पुनर्वास सेवाओं का विस्तार, सुविधाओं का मानचित्रण और एकीकरण, सुदृढ़ निगरानी ढांचा, नशा मुक्त भारत अभियान का विस्तार और प्रमुख प्लेटफार्मों के बीच तालमेल शामिल है।

बैठक के दौरान सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग उप महानिदेशक प्रतिमा गुप्ता ने नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) की उपलब्धियों और एनएपीडीडीआर 2.0 (2026-29) के लिए प्रस्तावित रणनीतिक कार्य योजना का विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक में समन्वित प्रयासों के माध्यम से भारत को नशामुक्त बनाने की दिशा में कड़े कदम उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

बैठक में सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, विभाग के सचिव सुधांश पंत और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags