ईरान ने जॉर्डन के अल-अजराक स्थित अमेरिकी बेस पर किया ड्रोन हमला

29 Mar 2026 19:21:53
सांकेतिक


तेहरान, 29 मार्च (हि.स.)। ईरान दावा किया है कि उसने पूर्वी जॉर्डन में स्थित अजराक एयर बेस पर ड्रोन हमला कर अमेरिकी सैन्य उपकरणों और ठिकानों को निशाना बनाया। इस हमले में लॉजिस्टिक्स गोदामों और सैनिकों के ठहरने वाले क्षेत्रों को टारगेट किया गया, जो क्षेत्र में अमेरिकी अभियानों के लिए अहम केंद्र माने जाते हैं।

ईरान की पश्चिम एशिया समाचार एजेंसी (वाना) ने इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के हवाले से बताया कि ईरान की सेना ने कहा है कि उसने अजराक एयरबेस पर अमेरिकी सैन्य उपकरणों को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमला किया।

बयान के अनुसार, ईरानी सेना ने रविवार तड़के कई ड्रोनों का इस्तेमाल करते हुए लॉजिस्टिक्स और सहायक उपकरणों के गोदामों, साथ ही अमेरिकी सैनिकों के रहने की जगहों पर हमला किया।

इस बेस को पूर्वी जॉर्डन में इसकी रणनीतिक स्थिति के कारण इस क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण सैन्य केंद्रों में से एक और अमेरिकी अभियानों के लिए एक प्रमुख केंद्र बताया गया है।

बयान में आगे कहा गया है कि अजराक एक महत्वपूर्ण परिचालन मंच के रूप में कार्य करता है, जहाँ विभिन्न लड़ाकू और परिवहन विमान तैनात हैं और यह ईरान के विरुद्ध चलाए जाने वाले अभियानों के लिए प्रमुख कमान केंद्र के रूप में भी काम करता है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0