

नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स)। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच कुवैत में एक भारतीय नागरिक की 29 मार्च को हुए हमले में मौत हो जाने पर भारत ने मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (खाड़ी) असीम महाजन ने सोमवार को यहां अंतर मंत्रालयी पत्रकार वार्ता में कहा, कल दुर्भाग्य से कुवैत में एक हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई। हम मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। कुवैत में हमारा मिशन मृतक के परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है, ताकि हर संभव मदद दी जा सके और उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस लाया जा सके। दुर्भाग्य से कई घटनाओं में आठ भारतीयों की जान चली गई है और एक भारतीय अभी भी लापता है।
महाजन ने कहा कि विदेश मंत्रालय खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में बदलती स्थिति पर लगातार बारीकी से नजर रख रहा है। इस क्षेत्र में रहने वाले बड़े भारतीय समुदाय की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है...खाड़ी देशों में भारतीय छात्रों के कल्याण को उच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि छात्रों के शैक्षणिक वर्ष पर कोई बुरा असर न पड़े... सीबीएसई ने इस क्षेत्र में कक्षा 10 और 12वीं के परिणामों की घोषणा के लिए मूल्यांकन योजना पहले ही अधिसूचित कर दी है।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक चिंताओं, विशेष रूप से सीबीएसई, आईसीएसई, केरल बोर्ड और जेईई तथा नीट परीक्षाओं से संबंधित चिंताओं को अभिभावकों और छात्रों तक नियमित रूप से पहुंच बनाकर दूर किया जा रहा है। 28 फरवरी से अब तक लगभग 550,000 यात्री इस क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। एयरलाइंस भारत और यूएई के बीच परिचालन और सुरक्षा संबंधी विचारों के आधार पर सीमित गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करना जारी रखे हुए हैं। आज यूएई से भारत के लिए लगभग 85 उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है। सऊदी अरब और ओमान के विभिन्न हवाई अड्डों से भारत के अलग-अलग गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला होने के कारण कतर एयरवेज से आज भारत के लिए लगभग 10 उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है। कुवैत और बहरीन का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है। कुवैत की जज़ीरा एयरवेज और बहरीन की गल्फ एयर, सऊदी अरब के दम्मम हवाई अड्डे से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए गैर-निर्धारित वाणिज्यिक उड़ानें संचालित कर रही हैं।
महाजन ने कहा कि उड़ानों पर प्रतिबंध और हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण हम भारतीय नागरिकों की यात्रा को सुविधाजनक बनाना जारी रखे हुए हैं, ईरान से आर्मेनिया और अजरबैजान होते हुए भारत तक, इजराइल से भारत तक, मिस्र और जॉर्डन से भारत तक, इराक से जॉर्डन और सऊदी अरब होते हुए भारत तक और कुवैत तथा बहरीन से सऊदी अरब होते हुए भारत तक।
बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि फिलहाल फारसी खाड़ी में 18 भारतीय जहाज हैं, जिनमें 485 भारतीय नाविक सवार हैं। वे सभी सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी समुद्री घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि 28 मार्च को हमारे दो एलपीजी कैरियर जहाज—बीडब्ल्यू टीवाईआर और बीडब्ल्यू ईएलएम ने सफलतापूर्वक होर्मुज़ जलडमरूमध्य को पार कर लिया है और अब वे भारतीय बंदरगाहों की ओर बढ़ रहे हैं।
सिन्हा ने बताया कि बीडब्ल्यू ईएलएम के कल मुंबई बंदरगाह पर पहुंचने का कार्यक्रम है, जबकि बीडब्ल्यू टीवाईआर के एक अप्रैल को न्यू मैंगलोर पहुंचने की उम्मीद है। ये दोनों एलपीजी कैरियर जहाज़ मिलकर लगभग 94,000 मीट्रिक टन एलपीजी ले जा रहे हैं। साथ ही पिछले 24 घंटों में 8 नाविकों को जहाज़ से उतरने (साइन-ऑफ़) के बाद सुरक्षित रूप से भारत वापस लाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर