
नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पुडुचेरी के पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से ‘नमो ऐप’ के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों तथा उनके अनुभवों पर चर्चा की और उन्हें जीत का मंत्र दिया।
मोदी ने नमो ऐप के जरिए 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं से बात की। उन्होंने कहा कि़ जब वह पहले पुडुचेरी आए थे तब उन्होंने राज्य के विकास के लिए ‘बेस्ट मंत्र’ दिया था। बेस्ट यानी व्यापार, शिक्षा, अध्यात्म और पर्यटन। पुडुचेरी के लोगों, खासकर युवाओं ने इस मंत्र को पसंद किया और इसे सोशल मीडिया पर भी व्यापक चर्चा मिली।
संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने स्थानीय कार्यकर्ता कृष्णा राज से बात की। कृष्णा राज ने कहा कि उनसे बात करके वह उतने ही प्रसन्न हैं जितना देवताओं के दर्शन से होते। इस पर प्रधानमंत्री ने उनसे कांग्रेस और डीएमके सरकार के दौर के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि 2016 से 2021 तक पुडुचेरी ‘बेस्ट’ नहीं बल्कि ‘वीक’ था। वीक यानी खराब शासन, विकास का अंत, जनता के खिलाफ नीतियां और अर्थव्यवस्था की तबाही, लेकिन साल 2021 से 2026 तक पुडुचेरी में उल्लेखनीय विकास हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और डीएमके आज भी सुधरे नहीं हैं और आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। पुडुचेरी की जनता अब उन्हें मौका नहीं देगी। मोदी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर नागरिकों को बताएं कि कांग्रेस-डीएमके का मतलब है ‘परिवार पहले’, जबकि भाजपा-एनडीए का मतलब ‘पुडुचेरी पहले, भारत पहले’ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता दिल्ली की तथाकथित पहले परिवार को खुश करने में लगे रहते हैं, जबकि भाजपा का लक्ष्य जनता की सेवा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे युवाओं को तर्क और तथ्यों के साथ समझाएं कि भाजपा ही राज्य और देश के विकास की गारंटी है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने अन्य कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की और उन्हें चुनावी तैयारियों के लिए मार्गदर्शन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर