पोंटिंग का पंजाब किंग्स को मंत्र- ‘नए सिरे से शुरुआत करनी होगी’

30 Mar 2026 23:19:53
पोंटिंग का पंजाब किंग्स को मंत्र- ‘नए सिरे से शुरुआत करनी होगी’


- आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की पंजाब से भिड़ंत आज

न्यू चंडीगढ़, 30 मार्च (हि.स.)। आईपीएल 2026 के आगाज से पहले पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के हेड कोचरिकी पोंटिंग ने टीम को “नई सोच” के साथ शुरुआत करने का संदेश दिया है। पंजाब किंग्स अपना पहला मुकाबला 31 मार्च को गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ न्यू इंटरनेशनल स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ में खेलेगी।

पोंटिंग ने कहा कि पिछला सीजन भले ही शानदार रहा हो, लेकिन नए सीजन में सब कुछ शून्य से शुरू होता है। उन्होंने कहा कि “पिछले साल की सफलता अच्छी थी, लेकिन अब सबके लिए स्कोर 0-0 है। हमें फिर से शुरुआत करनी होगी”।

कोच ने इस बार टीम की गहराई और संतुलन को बड़ी ताकत बताया। उनके मुताबिक, टीम में हर भूमिका के लिए विकल्प मौजूद हैं, जिससे संयोजन बनाने में लचीलापन मिलेगा। पोंटिंग ने कहा, “हमारे पास लगभग हर पोजिशन के लिए बैकअप खिलाड़ी हैं। इससे टीम पहले से ज्यादा मजबूत नजर आ रही है।”

उन्होंने खिलाड़ियों के विकास पर भी भरोसा जताया और कहा कि युवा खिलाड़ी अब पहले से ज्यादा अनुभवी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि “अगर हम अगले दो महीनों में खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकाल सके, तो इस बार नतीजे पिछले साल से बेहतर हो सकते हैं।”

मैच से पहले मौसम और पिच को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। पोंटिंग ने बताया कि बारिश के कारण टीम को अभी तक पिच का पूरा आकलन नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि अंतिम एकादश का चयन परिस्थितियों को देखकर ही किया जाएगा।

पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच यह मुकाबला 31 मार्च को शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। पोंटिंग ने उम्मीद जताई कि टीम घरेलू मैदान पर मजबूत शुरुआत करेगी और इस सीजन में बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहेगी।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0