
मुंबई, 30 मार्च (हि.स.)। भारतीय समूह जेएसडब्ल्यू ग्रुप की खेल शाखा जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स ने भारत की आईसीसी महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप 2025 विजेता टीम की कप्तान निकी प्रसाद के साथ करार करने की घोषणा की है। महज़ 20 वर्ष की उम्र में निकी ने अपने उत्कृष्ट नेतृत्व और लगातार शानदार प्रदर्शन से खुद को भविष्य की एक बड़ी स्टार खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है।
एक शांत और संयमित लीडर के रूप में निकी ने मात्र नौ वर्ष की आयु में अंडर-16 स्तर पर पदार्पण किया और दो वर्षों के भीतर कर्नाटक की अंडर-19 टीम में जगह बना ली। 13 वर्ष की आयु में पेशेवर क्रिकेट में कदम रखने के बाद उन्होंने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने भारत को अंडर-19 एशिया कप जिताने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद मलेशिया में आयोजित वर्ल्ड कप में टीम की कप्तानी करते हुए खिताब दिलाया। वह महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करती हैं और पिछले दो सीज़न से इस फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा रही हैं, जहां उन्हें उच्च स्तर के क्रिकेट का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ है।
इस करार पर बात करते हुए जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के टैलेंट और ब्रांड कंसल्टिंग प्रमुख हिमांशु शर्मा ने कहा, “निकी भारतीय क्रिकेट की नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिनमें कौशल, नेतृत्व और परिपक्वता का बेहतरीन संयोजन है। घरेलू क्रिकेट में पहचान बनाने से लेकर भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने तक उनकी यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। इतनी कम उम्र में उनका संतुलन और टीम को प्रेरित करने की क्षमता उन्हें खास बनाती है। हमें विश्वास है कि वह भारतीय महिला क्रिकेट के भविष्य को आकार देने की क्षमता रखती हैं और हम उनके आगे के सफर में उनका साथ देने को लेकर उत्साहित हैं।”
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए निकी प्रसाद ने कहा, “जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स परिवार का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि मैं ऐसी संस्था से जुड़ रही हूं, जिसने विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को लगातार समर्थन और प्रोत्साहन दिया है। युवा प्रतिभाओं पर उनका भरोसा मुझे अपने करियर के अगले चरण के लिए आत्मविश्वास देता है। मैं जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के साथ अपनी नई यात्रा शुरू करने और आने वाले अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए उत्साहित हूं।”
जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के साथ, निकी को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं, अनुभवी एथलीट मैनेजमेंट का मार्गदर्शन और समग्र करियर समर्थन मिलेगा, जिससे वह मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों जगह अपनी प्रगति जारी रख सकेंगी। यह सहयोग उन्हें जूनियर स्तर की सफलता से सीनियर स्तर पर एक स्थायी और सफल करियर बनाने में मदद करेगा।
जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के साथ भारत के कुछ सबसे सफल और उभरते क्रिकेटर जुड़े हुए हैं, जैसे जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, अक्षर पटेल, अंगक्रिश रघुवंशी और सूर्यांश शेडगे। निकी प्रसाद के जुड़ने से जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स ने वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता रखने वाली नई पीढ़ी के भारतीय खिलाड़ियों को पहचानने और उन्हें विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे