शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में रिकवरी का रुख, बड़ी गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में सुधार

30 Mar 2026 10:49:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान बड़ी गिरावट के बाद निचले स्तर से रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी जोरदार कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली के दबाव की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और गिरावट आ गई। हालांकि थोड़ी ही देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी का सपोर्ट मिलने के बावजूद दोनों सूचकांक शुरुआती कारोबार में लगातार लाल निशान में ही बने हुए थे। सुबह 10 का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.04 प्रतिशत और निफ्टी 0.91 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, कोल इंडिया, ओएनजीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर चार प्रतिशत से लेकर 0.77 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा, मैक्स हेल्थकेयर, बजाज फिनसर्व और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 3.06 प्रतिशत से लेकर 1.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,816 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 796 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,020 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सात शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 23 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,018 अंक की कमजोरी के साथ 72,565.22 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण कुछ ही मिनट में यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 175 अंक फिसल कर 72,391.98 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक निचले स्तर से करीब 775 अंक की रिकवरी कर 73,165.32 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण ये सूचकांक दोबार नीचे लुढ़कने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 766.28 अंक की गिरावट के साथ 72,816.94 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 269.95 अंक टूट कर 22,549.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण यह सूचकांक करीब 350 अंक लुढ़क कर 22,470.15 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में सुधार होने लगा।

खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक निचले स्तर से करीब 245 अंक की रिकवरी कर 22,714.10 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। इसके बाद एक बार फिर बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की गिरावट दोबारा बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 206.95 अंक की कमजोरी के साथ 22,612.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 1,690.23 अंक यानी 2.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,583.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 486.85 अंक यानी 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,819.60 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0