पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया शुरू

30 Mar 2026 18:01:53
कोलकाता पहुंचे ज्ञानेश कुमार


कोलकाता, 30 मार्च (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी कर दी, जिसके साथ ही राज्य में चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। अधिसूचना जारी होने के बाद उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। वहीं, दूसरे चरण में शेष 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए अधिसूचना दो अप्रैल को जारी की जाएगी।

पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अप्रैल तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच सात अप्रैल को होगी। उम्मीदवार नौ अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। दूसरे चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि नौ अप्रैल, जांच 10 अप्रैल और नाम वापसी की अंतिम तिथि 13 अप्रैल निर्धारित की गई है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतगणना चार मई को होगी, जबकि संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया छह मई तक पूरी कर ली जाएगी।

अधिसूचना जारी होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है, जिससे चुनाव प्रचार और सरकारी गतिविधियों पर निर्धारित नियम लागू हो गए हैं, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।

बहुचरणीय मतदान को देखते हुए राज्य के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की भी संभावना है, ताकि स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान कराया जा सके।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0