विलियम वॉल्श इंडिगो के नए सीईओ होंगे, अगस्त में संभालेंगे कार्यभार

31 Mar 2026 16:48:53
विलियम वॉल्श का फाइल फोटो


नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स)। देश की सबसे बड़ी एवं बजट एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने मंगलवार को विलियम वॉल्श को अपना मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। उनके 3 अगस्त तक सीईओ का कार्यभार संभालने की उम्मीद है। 'विली' के नाम से मशहूर वॉल्श ब्रिटिश एयरवेज के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं।

इंडिगो (इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड) के बोर्ड ने आज की बैठक में विलियम वॉल्श को अपना मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। वॉल्श वर्तमान में इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। आईएटीए में विलियम वॉल्श का कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त हो रहा है। इसके बाद वह 3 अगस्त तक इंडिगो में अपनी नई भूमिका संभाल लेंगे। पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे के कुछ हफ्तों बाद इंडिगो ने नए सीईओ के रूप में 'विली' के नाम से मशहूर वॉल्श का चयन किया है। यह नियुक्ति इंडिगो के अंतरराष्ट्रीय विस्तार और भविष्य की विकास योजनाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0