मप्र के मोहन यादव वाराणसी पहुंचे, बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए

31 Mar 2026 15:24:53
वाराणसी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत


वाराणसी में मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर पूजन किया


वाराणसी में मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर पूजन किया


- एम.पी.-यू.पी. सहयोग सम्मेलन में होंगे शामिल

भोपाल, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को एम.पी.-यू.पी. सहयोग सम्मेलन में शामिल होने के लिए एक दिवसीय प्रवास पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचे हैं। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना और अभिषेक किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के लाल बहादुर शास्त्री विमान तल वाराणसी पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नन्दी' ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला अधिकारी उपस्थित थे।

इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन-पूजन कर काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भ्रमण किया। उन्होंने यहां क्राउड फ्लो डिजाइन, इंफ्रास्ट्रक्चर, तीर्थयात्री प्रबंधन प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर भीड़ प्रबंधन पर विशेष प्रस्तुतियां देखीं। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में अधिकारियों के साथ भी बैठक की। उन्होंने मंदिर प्रबंधन से जुड़ीं कई अहम जानकारियां भी लीं।

वाराणसी में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां गंगा के कई तटों का अवलोकन भी किया। उन्होंने गंगा की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ संवाद भी किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का प्रबंधन बहुत अच्छा लगा। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की थी। उसके साथ ही, यहां के निवासियों ने इस निर्णय को स्वीकार बड़ा योगदान दिया। पूरे विश्व की भगवान शंकर पर आस्था है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ओडीओपी को लेकर उत्तर प्रदेश में बहुत अच्छा काम हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम का इसमें बड़ा योगदान है। हमारी सरकार भी इस पर बड़ा काम कर रही है। हम इस पर चर्चा करेंगे कि दोनों राज्यों के बीच क्या बेहतर हो सकता है। हम धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ लघु उद्योगों पर भी ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश में बनारसी साड़ी की विरासत रही है, उसी तरह मध्य प्रदेश में चंदेरी, महेश्वरी साड़ी सहित लघु उद्योगों पर काम हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0