ओली की गिरफ्तारी के विरोध में यूएमएल का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा

31 Mar 2026 21:47:53
सीपीएन यूएमएल की आकस्मिक बैठक


काठमांडू, 31 मार्च (हि.स.)। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी ने व्यापक और चरणबद्ध देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों की घोषणा की है। यह निर्णय मंगलवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित सचिवालय बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के उपाध्यक्ष रामबहादुर थापा ने की।

पार्टी के सचिव महेश बस्नेत ने बताया कि बैठक में ओली की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए संगठित विरोध कार्यक्रम आगे बढ़ाने का फैसला किया गया।

यूएमएल ने पिछले शनिवार को भक्तपुर में पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक के साथ ओली की गिरफ्तारी को बदले की भावना से प्रेरित और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। यह गिरफ्तारी बालेन्द्र शाह के प्रधानमंत्री के पद संभालने के तुरंत बाद हुई थी। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने इन गिरफ्तारियों के विरोध में आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया।

यूएमएल ने आगामी 25 अप्रैल को राजधानी काठमांडू में विशाल प्रदर्शन करने की योजना बनाई है। इससे पहले आठ अप्रैल तक जिला स्तर पर भी आंदोलन और जनसंगठन अभियान चलाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0