कुवैत में मिसाइल का मलबा गिरने से तमिलनाडु के मजदूर की मौत, परिवार ने लगाई मदद की गुहार

31 Mar 2026 15:04:53
file


रामनाथपुरम, 31 मार्च (हि.स)। ईरान-इज़राइल युद्ध के बीच कुवैत में हुए एक दर्दनाक हादसे में तमिलनाडु के एक भारतीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय संथाना सेल्वम के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग 10 वर्षों से कुवैत में इलेक्ट्रिशियन के तौर पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, रामनाथपुरम जिले के मुदुकुलथूर के पास स्थित अनिकुरुंधन गांव के निवासी संथाना सेल्वम एक इंजीनियरिंग जनरल ट्रेडिंग और कॉन्ट्रैक्टिंग कंपनी में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर वह रह रहे थे, वहां युद्ध के दौरान दागी गई एक मिसाइल का मलबा आकर गिरा, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की खबर जैसे ही उनके परिवार और गांव वालों को मिली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पत्नी कौसल्या, एक बेटे और एक बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।

पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। परिजनों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर संथाना सेल्वम के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने और परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

स्थानीय प्रशासन ने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0