
नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। भारत के पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांता मजूमदार, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, सांसद अनिल बलूनी की मौजूदगी में लिएंडर पेस ने भाजपा की सदस्यता ली। पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले भाजपा ने लिएंडर पेस को पार्टी में शामिल कराकर तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लिएंडर पेस का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने कहा कि अब अंतर्राष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी भाजपा के मंच से देश की सेवा करेंगे। रिजिजू ने कहा कि देशभर में लिएंडर पेस का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले 12 वर्षों में खेल और खिलाड़ियों के लिए किए गए कार्यों से प्रेरित होकर पेस ने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने आगे कहा कि लिएंडर पेस जैसे दिग्गज खिलाड़ी का पार्टी में शामिल होना न सिर्फ खेल जगत, बल्कि राजनीति के लिए भी एक महत्वपूर्ण क्षण है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने टेनिस स्टार के भाजपा में शामिल होने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि लिएंडर पेस जैसे टेनिस आइकन का पार्टी में आना भाजपा के लिए बहुत बड़ा दिन है। माजूमदार ने कहा कि पेस बंगाल के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और आने वाले चुनावों में उनकी मौजूदगी पार्टी को मजबूती देगी। माजूमदार ने आगे कहा कि यह साफ संकेत है कि राज्य में 'भगवा लहर' बन रही है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि लिएंडर पेस 19वीं सदी के प्रसिद्ध बंगाली कवि और नाटककार माइकल मधुसूदन दत्त के प्रत्यक्ष वंशज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी