मध्य प्रदेश में धूमधाम से मना होली का त्योहार, विदेशी मेहमान भी फागुन के रंग में रंगे

04 Mar 2026 19:43:53
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिह चौहान के निवास पर होली मिलन


केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिह चौहान के निवास पर होली मिलन


अपने निवास पर होली खेलते हुए मुख्यमंत्री


अपने निवास पर होली खेलते हुए मुख्यमंत्री


खजुराहो में विदेशी मेहमान होली खेलते हुए


- मुख्यमंत्री ने खेली फूलों और गुलाल से होली, केन्द्रीय मंत्री शिवराज ने गाया फाग

भोपाल, 04 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बुधवार को होली का त्योहार हषोर्ल्लास के साथ मनाया गया। भोपाल से लेकर धार्मिक नगरी उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर और अन्य शहरों तक रंग, गुलाल और लोक परंपराओं की धूम रही। पूरा प्रदेश फागुन के रंग में सराबोर दिखा। ओरछा और खजुराहों में विदेशी मेहमानों ने भी जमकर होली खेली।

राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने निवास पर नागरिकों के साथ फूलों और गुलाल से होली खेली। वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फाग गया। स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने रीवा में टिमकी और ढोलक की थाप पर फाग गाकर पारंपरिक होली मनाई। उज्जैन में संतों ने फूलों और गुलाल से होली खेली। वहीं सांसद अनिल फिरोजिया ‘भीगे चुनर वाली’ गीत पर झूमते नजर आए। रतलाम में मेयर प्रहलाद पटेल ने ‘लैला ओ लैला’ गीत पर डांस किया। वहीं सागर में विधायक शैलेंद्र जैन ने पत्नी के साथ ‘चल छैया छैया’ पर थिरक कर कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह भर दिया।

होली के रंग में रंगे मामा शिवराज, फाग गीत गाकर बांधा समां

भोपाल में उत्साह और उमंग के साथ मनाए जा रहे रंगों के पर्व होली पर शहर के लिंक रोड स्थित मामा के घर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पत्नी साधना सिंह चौहान तथा उनके दोनों पुत्रों और पुत्रवधू के साथ मेहमानों की अगवानी करते हुए गुलाल लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।

अपने अलग अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले मामा शिवराज सिंह ने हाथों में माइक थामा और जमकर होली के फाग गीत गुनगुनाएं। शिवराज ने जब आज ब्रज में होली रे रसिया... गुनगुनाया तो उनके साथ वहां मौजूद श्रद्धालु भी भजन पर झूमने लगे। मंच से शिवराज सिंह जहां फाग गीत गा रहे थे तो वही नीचे युवाओं की टोली उनके गीतों पर थिरक रही थी। इस अवसर पर युवाओं ने शिवराज के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान को कंधों पर उठाकर भी जमकर नृत्य किया।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि होली के पावन पर्व पर हम आनंद के उत्साह में डूबे हुए हैं। होली प्रेम आनंद और रंगो का त्यौहार है, उन्होंने कहा कि यह त्योहार गिले शिकवे भुला कर सबसे गले मिलने की प्रेरणा देता है। अगर गिले शिकवे भी हों, तो उन्हें भूल जाएं और प्रेम से गले लगाकर होली होली मनाएं और आनंद की वर्षा करें।

उन्होंने ईरान-इजराइल के बीच जारी हमलों पर कहा कि दुनिया को बमों और बारूद की बरसात नहीं, बल्कि रंगों और खुशियों की बरसात की जरूरत है। उनका कहना था कि युद्ध की आग में इंसानियत झुलसती है, जबकि रंगों का त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को गिले-शिकवे भुलाकर शांति और सद्भाव का रास्ता अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बारूद की गंध के बजाय रंगों की खुशबू फैले, ताकि हर देश और हर समाज खुशियों के रंग में डूब सके।

खजुराहो में विदेशी पर्यटकों पर चढ़ा होली का रंग

मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में इस बार होली का रंग विदेशी पर्यटकों पर खास तौर पर चढ़ा दिखाई दिया। विश्व प्रसिद्ध वेस्टर्न ग्रुप ऑफ मोनुमेंट्स के मुख्य द्वार के पास सुबह से ही रंगों की मस्ती शुरू हो गई। विदेशी सैलानी स्थानीय लोगों के साथ गुलाल उड़ाते, एक-दूसरे को रंग लगाते और भारतीय परंपरा के इस उत्सव में पूरी तरह डूबे नजर आए। देसी रंग में रंगे इन विदेशी मेहमानों ने न सिर्फ उत्साह से होली खेली, बल्कि बॉलीवुड गीतों पर जमकर डांस भी किया। ढोल और डीजे की धुन पर उन्होंने लोगों के साथ कदम मिलाए और जश्न मनाया। भारतीय त्योहारों, खासकर होली के प्रति उनका आकर्षण साफ नजर आया।

ओरछा में इटली से आए विदेशी मेहमानों ने खेली होली

निवाड़ी जिले में श्रीराम राजा सरकार की नगरी ओरछा में विदेशियों ने जमकर होली खेली। इटली से आए विदेशी मेहमानों ने स्थानीय लोगों के साथ होली खेली। पारंपरिक संगीत और ढोल की थाप पर उन्होंने रंग और गुलाल से सराबोर होकर उत्सव का आनंद लिया। विदेशी मेहमान पूरी तरह रंगों में रंगे दिखाई दिए और स्थानीय संस्कृति व परंपराओं के प्रति उत्साह भी जताया। इस मौके पर आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक मेलजोल की सुंदर तस्वीर देखने को मिली।

वहीं, जबलपुर के लम्हेटा घाट स्थित इस्कॉन मंदिर में ब्रज शैली की होली मनाई गई। ग्वालियर में महाराजा बाड़ा के विक्टोरिया मार्केट के सामने पारंपरिक मूर्ख सम्मेलन की तैयारी रही। इंदौर में बड़े होटलों से लेकर सेंट्रल जेल तक रंगों का उत्सव देखने को मिला। डिंडौरी में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के बंगले पर होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान कांग्रेस विधायक ओंकार सिंह मरकाम ने ढोलक बजाकर फाग गाया, जिससे समारोह में लोक परंपरा की आत्मीय झलक दिखाई दी।

झाबुआ में 'गल' में उल्टा लटकाकर घुमाया गया

झाबुआ जिले में होली का पर्व अनोखी परंपराओं के साथ मनाया गया। यहां के रायपुरिया क्षेत्र में वर्षों पुरानी विशेष परंपरा आज भी निभाई जाती है। इसमें मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु को ‘गल’ पर उल्टा लटकाकर घुमाया गया। यह परंपरा स्थानीय आस्था और लोकविश्वास से जुड़ी हुई है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग एकत्रित होते हैं।

रायपुरिया गांव में आयोजित इस अनुष्ठान के दौरान पारंपरिक ढोल-मांदल की थाप गूंजती है और ग्रामीण उत्साह के साथ भाग लेते हैं। मान्यता है कि मन्नत पूरी होने पर इस रीति को निभाने से देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है। होली के अवसर पर आयोजित यह अनोखी परंपरा झाबुआ की सांस्कृतिक पहचान और लोक आस्था की गहरी जड़ों को दर्शाती है।

उज्जैन में ‘भीगे चुनर वाली’ गीत पर झूमे सांसद अनिल फिरोजिया

धार्मिक नगरी उज्जैन में होली का पर्व आध्यात्मिक और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न अखाड़ों और आश्रमों में संतों ने गुलाल और फूलों से होली खेली। भजन-कीर्तन और ढोल-मंजीरों की धुन के बीच संतों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं। उज्जैन में होली के उत्साह के बीच सांसद अनिल फिरोजिया ‘भीगे चुनर वाली’ गीत पर जमकर झूमते नजर आए। रंग और गुलाल के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों और संगीत-संगीत की धुन पर माहौल पूरी तरह होलीमय हो गया, जहां सांसद ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

रतलाम में मेयर ने 'लैला ओ लैला' गाने पर डांस किया

रतलाम शहर भी होली के रंगों में सराबोर रहा। मेयर प्रहलाद पटेल ने अलकापुरी चौराहे पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया। बड़ी संख्या में शहरवासी और युवा मेयर के साथ डांस में शामिल हुए। मेयर ने भी 'लैला ओ लैला' गाने पर डांस किया।

इंदौर सेंट्रल जेल में कैदियों ने खेली होली

इंदौर की सेंट्रल जेल में होली का त्योहार उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया गया। जेल प्रशासन की अनुमति और निगरानी में कैदियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान आपसी भाईचारे और सकारात्मक माहौल का संदेश दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गीत-संगीत के बीच कैदियों ने होली का आनंद लिया, जिससे जेल परिसर में कुछ समय के लिए उत्सव जैसा वातावरण बन गया।

होली के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पारंपरिक अंदाज में रंग और गुलाल लगाते नजर आए। उन्होंने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर होली का त्योहार मनाया। आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया। उत्सव के दौरान उन्होंने लोगों को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

रंगों में रंगे स्वास्थ्य मंत्री, टिमकी और ढोलक बजाकर गाया फाग

रीवा में होली का त्योहार इस बार खास अंदाज़ में मनाया गया। शहर का माहौल रंगों और उत्साह से सराबोर नजर आया। स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला भी होली के जश्न में शामिल हुए। वे पूरी तरह होली के रंग में रंगे दिखाई दिए और लोगों के साथ मिलकर त्योहार की खुशियां बांटीं। मंत्री ने टिमकी और ढोलक की थाप पर फाग गाया। पारंपरिक संगीत और लोकगीतों के बीच होली का उल्लास और भी बढ़ गया। उनके साथ मौजूद लोगों ने भी जमकर आनंद लिया। उत्सव का माहौल खुशनुमा बना रहा।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने होली की शुभकामनाएं दीं

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने देशभर के लोगों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह त्योहार हमें भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने की प्रेरणा देता है। रंगों का यह पावन उत्सव सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए। सिंधिया ने लोगों से सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों की असली भावना तभी सार्थक होती है, जब समाज में एकता और सद्भाव मजबूत हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0