जेन जी प्रदर्शन के दौरान सिंह दरबार, सर्वोच्च अदालत में आगजनी करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

04 Mar 2026 10:33:53
सर्वोच्च अदालत में आगजनी का दृश्य


काठमांडू, 04 मार्च (हि.स.)। मतदान से ठीक एक दिन पहले सरकारी वकील कार्यालय काठमांडू ने जेन जी प्रदर्शन के दौरान सर्वोच्च अदालत, सिंह दरबार और पुलिस दफ्तरों में आगजनी की घटनाओं में संलिप्त 13 लोगों के विरुद्ध जिला अदालत काठमांडू में मामला दर्ज किया है।

जेनजी प्रदर्शन के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ आपराधिक उपद्रव और डकैती संबंधी धाराओ में मुकदमा दायर किया गया है। यह जानकारी काठमांडू जिला अदालत के सूचना अधिकारी दीपक अधिकारी ने दी।

सर्वोच्च अदालत में आगजनी के आरोप में सुनिल श्रेष्ठ, ज्याति थापा, विनोद कुमार थापा मगर, कुमार पराजुली और राजु परियार के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

आरोप पत्र के अनुसार, श्रेष्ठ, थापा, मगर और पराजुली सहित प्रतिवादियों ने सर्वोच्च अदालत में आगजनी कर एक अरब 23 करोड़ 62 लाख 38 हजार रुपये के बराबर की क्षति पहुंचाई।

इसी प्रकार सिंह दरबार में तोड़फोड़ और आगजनी में संलिप्त आशिष गुरूंग के विरुद्ध भी आपराधिक उपद्रव और डकैती संबंधी आरोप में मामला दायर किया गया है।

पुलिस वृत्त बौद्ध में तोड़फोड़ के आरोप में समीर श्रेष्ठ और सुनिल तामाङ के खिलाफ भी मुकदमा चलाया गया है। वहीं, पुलिस प्रभाग बलम्बु में तोड़फोड़ के आरोप में निखिल कुसुले, सोहन चौधरी, विवेक रोक्का और छत्रबहादुर विक के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है।

सर्वोच्च अदालत ने गत वर्ष 9 सितंबर की घटना में संलिप्त व्यक्तियों पर जांच कर कार्रवाई की मांग करते हुए काठमांडू पुलिस परिसर में शिकायत दर्ज कराई थी। सर्वोच्च प्रशासन द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच कर उनके विरुद्ध मुकदमा दायर किया है।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0