मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में सिंधिया ने किया भारत की भागीदारी का नेतृत्व, सस्ती और बुद्धिमान कनेक्टिविटी का रखा दृष्टिकोण

04 Mar 2026 21:18:53
बार्सिलोना में मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 के दौरान केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया भारत मंडप का उद्घाटन करते हुए।


नई दिल्ली, 04 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में भारत की भागीदारी का नेतृत्व किया। उन्होंने सस्ती, समावेशी और भविष्य उन्मुख डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए भारत का दृष्टिकोण वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जीएसएमए के मंत्रीस्तरीय सत्र में “ब्रेकिंग द कॉस्ट बैरियर” विषय पर समापन मुख्य वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि विश्व में 3.1 अरब लोग अब भी डिजिटल भागीदारी से वंचित हैं। उपकरण और सेवाओं की वहनीयता डिजिटल समावेशन की कुंजी है। उन्होंने कहा कि भारत ने नीति सुधार, प्रतिस्पर्धा और पैमाने के माध्यम से डाटा लागत में उल्लेखनीय कमी लाई है। 5जी से लेकर उभरते 6जी पारिस्थितिकी तंत्र तक कनेक्टिविटी को किफायती रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

इसके अलावा उन्होंने मुख्य मंच पर “बिल्ट फॉर व्हाट्स नेक्स्ट” सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नेटवर्क अब केवल पहुंच का साधन नहीं, बल्कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित, क्लाउड-नेटिव और मानव केंद्रित प्लेटफॉर्म बन रहे हैं। भविष्य की कनेक्टिविटी तेज गति के साथ सुरक्षित, लचीले और निर्बाध डिजिटल अनुभव पर आधारित होगी।

साथ ही सिंधिया ने भारत मंडप का उद्घाटन किया। इस वर्ष 40 भारतीय कंपनियां और नवाचारकर्ता इसमें भाग ले रहे हैं। मंडप में 4जी, 5जी रेडियो नेटवर्क, ऑप्टिकल ट्रांसपोर्ट, ब्रॉडबैंड, सैटेलाइट संचार, एआई आधारित नेटवर्क प्रबंधन, आईओटी और डाटा सेंटर समाधान प्रदर्शित किए गए। यह भारत के डिजाइन आधारित विनिर्माण और वैश्विक विश्वसनीय भागीदार के रूप में उभार को दर्शाता है।

उन्होंने इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 का कर्टन रेजर भी जारी किया। यह आयोजन 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली में होगा।

सिंधिया ने तेजस नेटवर्क्स के स्टॉल पर टीजे1600-डी3 हाइपर-स्केलेबल डीसीआई प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। उन्होंने एरिक्सन, नोकिया, इंटेल, सिस्को और क्वालकॉम के स्टॉल का दौरा किया और नई तकनीकों की जानकारी ली।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ की महासचिव डोरीन बोगडन-मार्टिन से मुलाकात की। साथ ही यूटेलसैट और वायसैट सहित कई वैश्विक कंपनियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। भारती समूह के सुनील भारती मित्तल सहित भारतीय उद्योग प्रतिनिधियों से भी उन्होंने संवाद किया।

उल्लेखनीय है कि मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 का आयोजन 2 से 5 मार्च तक बार्सिलोना में हो रहा है। इसका आधिकारिक विषय “द आईक्यू एरा” है। भारत की भागीदारी का समन्वय दूरसंचार उपकरण एवं सेवा निर्यात संवर्धन परिषद ने दूरसंचार विभाग के सहयोग से किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0