पश्चिम एशिया संकट के बीच लगभग 20 हजार अमेरिकी नागरिक स्वदेश लौटे

05 Mar 2026 23:16:53

वॉशिंगटन, 05 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बड़ी संख्या में अमेरिकी नागरिकों की घर वापसी जारी है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार अब तक लगभग 20 हजार अमेरिकी नागरिक युद्ध ग्रस्त क्षेत्र से निकलकर अमेरिका लौट चुके हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता डायलन जॉनसन ने बताया कि यह आंकड़ा केवल उन लोगों का है जो सीधे अमेरिका पहुंच चुके हैं। इसमें वे अमेरिकी शामिल नहीं हैं जो अन्य देशों में अस्थायी रूप से चले गए हैं या अभी रास्ते में हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा हालात को देखते हुए कई अमेरिकी नागरिकों ने अलग-अलग माध्यमों से वापसी की है। हालांकि हाल के दिनों में उड़ानों में बाधा आने से हजारों लोग फंसे भी रहे।

दरअसल, अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद पूरे मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया है। इसके बाद कई प्रमुख एयरलाइनों ने क्षेत्र के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दीं। कुछ हवाई अड्डों पर उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं या सीमित कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इस बीच डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से यह सवाल भी पूछा जा रहा है कि क्या सप्ताहांत में हुए हमलों से पहले क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को निकालने के लिए और अधिक तैयारी की जानी चाहिए थी। कुछ अमेरिकी नागरिकों ने यह भी शिकायत की कि विदेश विभाग की हेल्पलाइन पर संपर्क करने के बावजूद उन्हें घर लौटने के बारे में स्पष्ट मार्गदर्शन नहीं मिला।

विदेश विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता और व्यवस्थाएं की जाएंगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0