
आसनसोल, 05 मार्च (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने आसनसोल में परिवर्तन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि परिवर्तन यात्रा का कार्यक्रम चल रहा है। पश्चिम बंगाल की जनता वर्तमान की तृणमूल सरकार से त्रस्त हो चुकी है, इसलिए जनता यहां परिवर्तन चाहती है। पिछले कई वर्षों से यहां की सरकार को जनता देखती रही है और पीड़ित होती रही है।
तृणमूल सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पानी में पाई जाने वाले जोक की तरह है जो खून पी पीकर मोटा हो गया है। पश्चिम बंगाल में वामपंथी सरकार के अत्याचार से त्रस्त होकर जनता ने तृणमूल को सत्ता में लाया था। भाजपा भी वामपंथी सरकार के अन्याय को खत्म करना चाहती थी। लेकिन वर्तमान तृणमूल सरकार से आज जनता पूरी तरह से त्रस्त हो चुकी है और उससे मुक्ति चाहती है। 2011 में वामपंथ को हटाकर तृणमूल की सरकार बनी आज जनता इस सरकार से परिवर्तन चाहती है।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि आजादी के 20 वर्षों तक बंगाल ने विनिर्माण, उद्योग धंधों से इस देश को आर्थिक दृष्टि से नेतृत्व किया था। आजादी के 20 वर्षों बाद वामपंथी सरकार पश्चिम बंगाल में आई और कल कारखाने बंद हो गए। अब पश्चिम बंगाल में चरम पर गुंडागर्दी, लूट-खसोट, भ्रष्टाचार का बीज बोए जा चुके हैं। आम जनता अपने अधिकारों के लिए लड़ रही है। सुबह जहां से रथ यात्रा चली थी वहां भी परिवर्तन यात्रा के काफिले पर हमला हुआ। लेकिन उसके बावजूद जनता में उत्साह देखने को मिल रहा है। गांव के लोग भी बढ़-चढ़कर इस परिवर्तन यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
सरकार ने खनिज संपदा की लूट की है। वहीं, दूसरी ओर केंद्र सरकार द्वारा मिलने वाले पैसे का कोई भी हिसाब देना नहीं चाहती है। विकास के लिए पश्चिम बंगाल में परिवर्तन करना ही होगाl मौके पर केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार, शंकर चौधरी, पवन कुमार सिंह, कृष्णेन्दु मुखर्जी, प्रशांत चक्रवर्ती, बप्पा चटर्जी आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा