(लीड) भारत-फिनलैंड व्यापार करेंगे दोगुना, डिजिटल और शहरी समाधान में करेंगे सहयोग

05 Mar 2026 17:57:53
भारत-फिनलैंड वार्ता


नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। भारत और फिनलैंड ने अपनी दूरसंचार सेवाओं, डाटा विश्लेषण, क्वांटम कंपयुटिंग और एआई के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने तथा चक्रीय अर्थव्यवस्था एवं सतत शहरी समाधान तलाशने के लिए अपनी साझेदारी को मजबूत करने का फैसला किया है।

दोनों देश ‘डिजिटलीकरण और स्थिरता में रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति हुए हैं। दोनों देश 2030 तक अपने व्यापार को दोगुना करेंगे। फिनलैंड भारतीय कौशल को अपने यहां अवसर मुहैया कराएगा। इसके साथ ही भारतीय स्टार्टअप को भी अवसर प्रदान करेगा। इस साल दोनों देश मिलकर भारत में विश्व सर्कुलर अर्थव्यस्था फोरम का आयोजन करेंगे।

दोनों देशों के बीच गुरुवार को हुई द्विपक्षीय वार्ता में 11 बिन्दुओं पर सहमति बनी है। इसमें स्टार्टअप सहयोग, 6जी व डिजिटलाइजेशन पर अलग-अलग संयुक्त कार्यबल, डिजिटल व पर्यावरण से जुड़े विषयों पर संयुक्त शोध, सांख्यिकी तथा पर्यावरण के क्षेत्र में सहयोग और आवाजाही संबंधी मामलों पर काउंसलर डॉयलॉग की स्थापना का निर्णय लिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के बीच आज नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में व्यापक विषयों पर द्विपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इसे यह साझा प्रगति और समृद्धि के लिए साझेदारी का निर्माण की संज्ञा दी। उन्होंने बताया कि एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दोनों नेताओं ने भारत-फिनलैंड संबंधों को ‘डिजिटलीकरण और स्थिरता में रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, डिजिटलीकरण और स्थिरता, स्वच्छ ऊर्जा और चक्रीय अर्थव्यवस्था, सेमीकंडक्टर और महत्वपूर्ण खनिज, शिक्षा और नवाचार, एआई, 6जी, क्वांटम कंप्यूटिंग सहित प्रौद्योगिकी और गतिशीलता तथा जन-संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग को व्यापक और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

प्रवक्ता ने कहा कि दोनों नेताओं ने आतंकवाद के सभी रूपों को समाप्त करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया। नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक चिंताओं से संबंधित मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने बहुपक्षीय मंचों पर भी सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

नेताओं ने हाल ही में संपन्न भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) द्वारा व्यापार, निवेश, निर्यात, रोजगार और विनिर्माण साझेदारी के लिए खोले गए नए अवसरों का लाभ उठाने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल परिवर्तन, कौशल विकास और व्यापार में सुगमता के क्षेत्र में भारत की पहलों पर प्रकाश डाला और भारत के प्रमुख कार्यक्रमों में फिनलैंड की भागीदारी बढ़ाने का निमंत्रण दिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0