मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से जदयू कार्यकर्ताओं में दिखा आक्रोश, ललन सिंह-संजय झा पर लगाया साजिश का आरोप

05 Mar 2026 22:27:53
जदयू कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करते हुए


पटना, 05 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार दोपहर राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया । जिसके बाद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। मुख्यमंत्री आवास से लेकर पार्टी कार्यालय तक जदयू कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

जदयू कार्यकर्ताओं ने पटना स्थित जदयू कार्यालय में जमकर हंगामा किया। कार्यालय में रखे सामानों के साथ तोड़फोड़ की। ये कार्यकर्ताओं ने पार्टी के बड़े नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। इनका गुस्सा केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री विजय चौधरी सरीखे नेताओं पर ज्यादा रहा।

कार्यकर्ता लगातार 'ललन सिंह मुर्दाबाद, संजय झा मुर्दाबाद, विजय चौधरी मुर्दाबाद, अशोक चौधरी मुर्दाबाद, संजय गांधी मुर्दाबाद' के नारे लगा रहे हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाते हुए कहा कि ये तमाम नेता भाजपा के साथ मिलकर पार्टी को खत्म करने की साजिश रच रहे हैं।

जदयू कार्यकर्ताओं की नाराजगी का आलम ये रहा कि कार्यालय में मौजूद विधान पार्षद सदस्य संजय गांधी के साथ धक्का-मुक्की भी की। कार्यकर्ताओं ने उनको बाहर जाने से रोक दिया और लगातार उनके खिलाफ नारेबाजी करते रहे। काफी मशक्कत के बाद वह मेन गेट से बाहर निकल पाए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान जदयूू कार्यकर्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को पार्टी में वापस लाने की मांग भी उठाई ।जदयू कार्यालय में कार्यकर्ता लगातार आरसीपी सिंह को वापस लाओ की नारे लगते रहे ।

जदयू नेता वरुण कुमार ने कहा कि जदयू के अधिकांश कार्यकर्ता चाहते हैं कि आरसीपी सिंह की पार्टी में वापसी हो। इससे कार्यकर्ताओं के बीच जो उदासीनता और मायूसी का माहौल बना हुआ है, वह खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘आज की घटनाओं को बिहार की राजनीति में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

कार्यकर्ता प्रिंस कुमार ने भी पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि, ‘पहले आरसीपी सिंह को लेकर कई तरह की बातें कही जाती थीं और उन्हें भाजपा का एजेंट बताया जाता था। आज लोगों को समझ में आ गया कि असली एजेंट कौन है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Powered By Sangraha 9.0