तीन दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में लौटी तेजी, बढ़त के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

05 Mar 2026 17:27:53
प्रतीकात्मक


- बाजार की मजबूती से निवेशकों को 5.80 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। लगातार तीन कारोबारी दिन तक बड़ी गिरावट का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज रिकवरी के मूड में नजर आया। अमेरिका की ओर से संतोषजनक वैकल्पिक प्रस्ताव मिलने की स्थिति में ईरान के उप विदेश मंत्री माजीद तख्त रवांची के परमाणु कार्यक्रम छोड़ने का संकेत देने की वजह से दुनिया के तमाम स्टॉक एक्सचेंज की तरह ही भारतीय शेयर बाजार की चाल में भी तेजी आ गई। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। दोपहर दो बजे तक बाजार में उतार-चढ़ाव होता रहा। आखिरी घंटे के कारोबार में चौतरफा लिवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की रफ्तार और तेज हो गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.14 प्रतिशत और निफ्टी 1.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। मेटल, डिफेंस और पावर सेक्टर के शेयरों में आज सबसे अधिक खरीदारी होती रही। इसके अलावा बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस तथा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी और टेक सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण एनएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.58 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने छह लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 452.98 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 447.18 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.80 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,397 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,801 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,456 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 140 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,953 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,002 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 951 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर बढ़त के साथ और 11 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 38 शेयर हरे निशान में और 12 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 414.29 अंक की मजबूती के साथ 79,530.48 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होने के बाद इस सूचकांक की चाल में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। बिकवाली का दबाव बनने पर सेंसेक्स गिर कर 79,201.69 अंक के स्तर तक आ गया। वहीं दोपहर दो बजे के बाद चौतरफा खरीदारी शुरू हो जाने की वजह से ये सूचकांक 1,187.64 अंक की तेजी के साथ 80,303.83 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि आखिरी वक्त में हुई मुनाफा वसूली के कारण सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 287.93 अंक टूट कर 899.71 अंक की बढ़त के साथ 80,015.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 135.45 अंक उछल कर 24,615.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान चलती रही, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल भी ऊपर नीचे होती रही। बिकवाली के दबाव में निफ्टी गिर कर 24,529.40 अंक के स्तर तक आ गया। दोपहर दो बजे के बाद बाजार में चौतरफा खरीदारी शुरू हो जाने की वजह से ये सूचकांक उछल कर 373.70 अंक की तेजी के साथ 24,854.20 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि, आखिरी वक्त में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 88.30 अंक फिसल कर 285.40 अंक की मजबूती के साथ 24,765.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी पोर्ट्स 4.52 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 4.02 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.60 प्रतिशत, एनटीपीसी 3.35 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 3.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा 1.32 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 0.73 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.57 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 0.43 प्रतिशत और टीसीएस 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0