
गुवाहाटी, 05 मार्च (हि.स.)। असम के कार्बी आंगलोंग जिले के एक दुर्गम पहाड़ी इलाके में गुरुवार शाम एक लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह विमान जोरहाट से उड़ान भरने वाला सुखोई सु-30एमकेआई लड़ाकू विमान हो सकता है।
माना जा रहा है कि यह क्रैश जिले के चोकीहोला के नीलिप ब्लॉक के पास एक दूर पहाड़ी इलाके में हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे एक ज़ोरदार धमाके जैसी आवाज़ सुनाई दी, जो आसपास की पहाड़ियों में गूंजी और आस-पास की बस्तियों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम लगभग 7 बजे इलाके के एक ऊंचे पहाड़ की दिशा से तेज विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट जैसी आवाज पहाड़ों में गूंजती हुई पूरे क्षेत्र में महसूस की गई। कुछ समय बाद उसी दिशा से पहाड़ी इलाके की ओर धुआं उठता हुआ भी देखा गया। हालांकि अब तक इस घटना को लेकर किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध दुर्घटना स्थल घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है, जिसके कारण स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाए। इस बीच सुरक्षा बलों और संबंधित अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
विमान में मौजूद पायलट या विमान की वास्तविक स्थिति के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सटीक पुष्टि के लिए संबंधित एजेंसियां जांच कर रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश