टी-20 विश्वकप क्रिकेट का उत्साह, सेमीफाइनल में भारत की जीत के लिए मां गंगा की आरती कर की कामना

05 Mar 2026 12:25:53
टी —20 विश्वकप में भारत की जीत के लिए प्रार्थना


—श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर युवाओं ने भारतीय क्रिकेट टीम का बढ़ाया मनोबल

वाराणसी, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) में गंगा नदी की निर्मलता के लिए लोगों को जागरूक करने वाले नमामि गंगे के सदस्यों ने गुरूवार को टी-20 विश्वकप क्रिकेट के सेमीफाइनल में भारतीय टीम की जीत के लिए मां गंगा की आरती की। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भारतीय क्रिकेटरों की तस्वीर और राष्ट्रध्वज के साथ शंखनाद कर भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

दरअसल, टी-20 विश्वकप क्रिकेट प्रतियाेगिता में भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम का मजबूत टीम इंग्लैंड के साथ आज खेला जाएगा गुरुवार काे ललिता घाट प्रात: नमामि गंगे के सदस्याें के भारत माता की जय, चक दे इंडिया, जीतेगा भाई जीतेगा-हिन्दुस्तान जीतेगा, बढ़ते चलो के गगन भेदी उद्घोष से गूंज उठा। सेमीफाइनल में इंग्लैंड की टीम पर भारतीय टीम की जीत के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे के सदस्याें ने बाबा विश्वनाथ से भारतीय टीम की जीत के लिए कामना की।

सदस्यों के साथ माताओं, बहनों, बुजुर्गों, युवाओं ने मिलकर टीम इंडिया के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि अगर भारत को फाइनल का टिकट चाहिए, तो इंग्लैंड के खिलाफ साधारण नहीं, बल्कि “खास” प्रदर्शन करना होगा। भारत के 140 करोड़ लोगों की कसौटी पर मेहनत से खरा उतरना होगा । श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना है कि भारतीय क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में विजयी होकर फाइनल में पहुंचे । प्रार्थना और उत्साहवर्धन के दौरान मनीष शर्मा, निशि गर्ग, उत्कर्ष केसरी, संजय गर्ग, अमन आदि उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0