
नई दिल्ली, 06 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय के इंटर कॉलेज कबड्डी टूर्नामेंट में शुक्रवार को पुरुष वर्ग का खिताब श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने नाम कर लिया। तीन दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट का आयोजन आर्यभट्ट कॉलेज में किया गया, जिसमें विभिन्न कॉलेजों की टीमों ने हिस्सा लिया।
राउंड-रॉबिन लीग प्रारूप में खेले गए मुकाबलों में श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने लगातार दमदार प्रदर्शन किया। टीम की जीत में अनुज नेगी, दीपांशु कसाना, अक्षय कुमार और आदित्य शर्मा का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार खेल दिखाया।
प्रतियोगिता में श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने हंसराज कॉलेज को 41–22 के बड़े अंतर से हराया, जबकि इंदिरा गांधी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान संस्थान (आई.जी.आई.पी.ई.एस.एस.) को 30–21 से पराजित किया। हालांकि एक लीग मुकाबले में डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज ने श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) को 29–26 से हराया, लेकिन कुल प्रदर्शन के आधार पर श्याम लाल कॉलेज शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रहा।
टूर्नामेंट के अंत में अंकों के आधार पर अंतिम परिणाम
प्रथम स्थान: श्याम लाल कॉलेज (प्रातः)
द्वितीय स्थान: डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज
तृतीय स्थान: हंसराज कॉलेज
इस उपलब्धि पर श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) के प्राचार्य प्रो. रबि नारायण कर ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीमवर्क के कारण यह सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कॉलेज की टीम भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहेगी।
श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) की चैंपियन टीम:
अनुज नेगी, दीपांशु कसाना, अक्षय कुमार, आदित्य शर्मा, नितेश, सचिन, विशाल, अंशु, पंकज, उज्जवल राणा, नागेश मीणा और अभिषेक राउत।
कोच: योगेंद्र कुमार।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे