परिवर्तन यात्रा के जरिए केंद्रीय भाजपा नेताओं ने ममता पर साधा निशाना

06 Mar 2026 19:32:53
भाजपा की परिवर्तन यात्रा


कोलकाता, 06 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा विभिन्न हिस्सों में जारी है। शुक्रवार को पार्टी नेताओं ने इस यात्रा के माध्यम से राज्य में राजनीतिक परिवर्तन, विकास और सुरक्षा के मुद्दों को उठाते हुए लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है। भाजपा का कहना है कि यह यात्रा सिंडिकेट राज, भ्रष्टाचार और कट-मनी की संस्कृति के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।

अलीपुरद्वार संगठनात्मक जिले के कुमारग्राम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित परिवर्तन सभा में केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, सांसद मनोज टिग्गा और सांसद डॉ. जयंत रॉय सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बंगाल के लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता देगी और पुलों, रेलमार्गों तथा सड़कों के विस्तार के माध्यम से संपर्क व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर बंगाल और डुआर्स क्षेत्र के कई चाय बागान लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे हजारों श्रमिकों की आजीविका प्रभावित हुई है। भाजपा सरकार बनने पर इन चाय बागानों को फिर से खोलने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि श्रमिकों को रोजगार मिल सके और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। मजूमदार ने कहा कि भाजपा बंगाल की सांस्कृतिक पहचान और राज्य की सुरक्षा की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करेगी कि राज्य की सामाजिक और आर्थिक स्थिरता को कोई खतरा न पहुंचे।

कूचबिहार संगठनात्मक जिले के नटाबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम में भी डॉ. सुकांत मजूमदार ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सुशासन, पारदर्शिता और विकास की राजनीति में विश्वास करती है और राज्य में ऐसी व्यवस्था स्थापित करना चाहती है जिसमें आम लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

मेदिनीपुर क्षेत्र में आयोजित परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने बड़ी संख्या में उपस्थित समर्थकों को संबोधित किया। अधिकारी ने राज्य सरकार की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के कारण युवाओं के रोजगार, उद्योग, आधारभूत ढांचे के विकास, महिलाओं की सुरक्षा और हवाई अड्डों के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की अनदेखी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विकास के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए काम कर रही है। अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाने के लिए धरने पर बैठी हैं, जबकि राज्य के युवाओं और आम लोगों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव पश्चिम बंगाल के भविष्य और उसकी सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होगा और जनता इस बार बदलाव का निर्णय करेगी।

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गरीबों के लिए चलाई जा रही आवास योजनाओं में भी कट-मनी की वसूली की जाती है और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाता।

गिरिराज सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर स्वयं सहायता समूहों को मजबूत किया जाएगा और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं के तहत हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

हावड़ा–हुगली क्षेत्र के बाली में आयोजित परिवर्तन यात्रा की एक बड़ी सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने संबोधित किया। उन्होंने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है और राजनीतिक विरोधियों पर हमले तथा हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजनीतिक धमकियों और हमलों के बावजूद भाजपा का परिवर्तन आंदोलन नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर सातवें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा, जो राज्य के सरकारी कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, राजनीतिक हस्तक्षेप और निवेश के लिए अनुकूल माहौल की कमी के कारण राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को नुकसान पहुंचा है। भट्टाचार्य ने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए पारदर्शी नीतियां और सुरक्षित वातावरण आवश्यक है, जिसे भाजपा सरकार सुनिश्चित करेगी। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस का समय समाप्त होने वाला है और राज्य में राजनीतिक परिवर्तन निश्चित है।

भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लोगों से परिवर्तन यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने और सिंडिकेट राज तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि पूरे राज्य में विकास, रोजगार के अवसर, सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की बहाली के लक्ष्य के साथ परिवर्तन यात्रा आगे भी जारी रहेगी।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0