मप्र के जहरीले कोल्ड्रिफ कफ सिरप मामले में दो डॉक्टर गिरफ्तार, इसी से हुई थी 24 बच्चों की मौत

07 Mar 2026 23:59:53
कोल्ड्रिफ कफ सिरप मामले में दो डॉक्टर गिरफ्तार


भोपाल, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र में चर्चित जहरीले कोल्ड्रिफ कफ सिरप मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, छिंदवाड़ा जिले में करीब छह महीने पहले जहरीले कोल्ड्रिफ कफ सिरप से 24 बच्चों की मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इसकी जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंप दी थी। एसआईटी ने जांच के आधार पर शनिवार को डॉ. अमन सिद्दीकी और डॉ. एस.एस. ठाकुर को गिरफ्तार किया है। डॉक्टरों की लिखी हुई दवाई की पर्चियां मिली हैं। इन पर्चियों में बच्चों के लिए ‘कोल्डड्रिंप’ कफ सिरप लिखे जाने की पुष्टि हुई है। मामले में अब तक 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एसआईटी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। दवा की सप्लाई चेन, डॉक्टरों की भूमिका और अन्य संबंधित लोगों की भी जांच की जा रही है। दो और डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा है कि इस पूरे मामले में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

एसआईटी ने शनिवार दोपहर दोनों डॉक्टरों को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की। पूछताछ में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर बाद में उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।

एसआईटी पिछले कई महीनों से दवा के निर्माण, आपूर्ति और वितरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जांच के दौरान टीम को दवा के उपयोग, डॉक्टरों द्वारा लिखे गए पर्चों और मेडिकल आपूर्ति से जुड़े कुछ अहम साक्ष्य मिले थे। इन्हीं तथ्यों के आधार पर दोनों डॉक्टरों को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तारी की गई है।

इस बहुचर्चित मामले में इससे पहले भी कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। परासिया के डॉ. प्रवीण सोनी सहित कुल 9 आरोपी पिछले करीब छह महीनों से जेल में बंद हैं। जांच एजेंसियां लगातार यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर यह कफ सिरप बच्चों तक कैसे पहुंचा और इसके लिए जिम्मेदार लोग कौन-कौन हैं।

दो और डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में एक बार फिर इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन शुरू से ही इस प्रकरण में कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0