नेपाल के चुनाव पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश: लोकतांत्रिक यात्रा में ऐतिहासिक क्षण

07 Mar 2026 18:06:54
भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी


काठमांडू , 07 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल में संसदीय चुनावों के सफलता पूर्वक संपन्न होने पर देश की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की अंतरिम सरकार एवं नेपाली जनता को बधाई दी है और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव को नेपाल की लोकतांत्रिक परंपरा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

हाल ही में सम्पन्न प्रतिनिधि सभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट में नेपाली जनता को “अपने नेपाली भाई-बहनों” कहकर संबोधित करते हुए कहा कि नेपाल के नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग किया है, जिसे देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि यह नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि भारत, एक करीबी मित्र और पड़ोसी देश के रूप में, नेपाल की जनता और नई सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देश मिलकर शांति, प्रगति और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेंगे।

मोदी ने कहा, मैं चुनाव के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए नेपाल के लोगों और सरकार को हार्दिक बधाई देता हूं। मेरे नेपाली बहनों और भाइयों को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इतनी जीवंतता से प्रयोग करते हुए देखकर खुशी होती है।

यह नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर और गर्व का क्षण है।

एक करीबी दोस्त और पड़ोसी के रूप में, भारत साझा शांति, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए नेपाल के लोगों और उनकी नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ है।

भारत के प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत-नेपाल संबंध आपसी विश्वास, साझी संस्कृति और गहरे जनसंपर्क पर आधारित हैं और आने वाले समय में दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूत होगा।

नेपाल में हुए इस चुनाव को क्षेत्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है और भारत की ओर से आया यह संदेश दोनों देशों के पारंपरिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0