ट्रंप का दावा- ईरान अब मिडिल ईस्ट का ‘दबंग’ नहीं, भारी नुकसान की चेतावनी

07 Mar 2026 20:29:53

वॉशिंगटन, 07 मार्च (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्र्ंप ने शनिवार को ईरान को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि अब वह मध्य-पूर्व में पहले जैसा प्रभावशाली नहीं रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा हालात में ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर लिखे संदेश में कहा कि ईरान अब क्षेत्र का “दबंग” नहीं बल्कि “हारने वाला” देश बन गया है। उनके अनुसार यह स्थिति तब तक बनी रह सकती है जब तक ईरान पूरी तरह कमजोर न हो जाए या आत्मसमर्पण न कर दे।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी आरोप लगाया कि ईरान लंबे समय से मध्य-पूर्व में अपना प्रभाव बढ़ाने और क्षेत्रीय नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हाल की घटनाओं में उसे पड़ोसी देशों के सामने पीछे हटना पड़ा है।

एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने अपने पड़ोसी देशों से माफी मांगी है और भविष्य में उन पर हमला न करने का आश्वासन दिया है। उनका कहना था कि अमेरिका और इजराइल के लगातार सैन्य दबाव के कारण तेहरान को यह रुख अपनाना पड़ा है।

हालांकि ईरान की ओर से पहले कहा गया था कि वह पड़ोसी देशों पर हमले रोक सकता है, लेकिन यदि उसके खिलाफ किसी देश से हमला हुआ तो उसका जवाब दिया जाएगा।

विश्लेषकों का मानना है कि मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच बयानबाजी और तीखी हो सकती है, जिससे क्षेत्रीय हालात और जटिल होने की आशंका बनी हुई है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0