ईरान का दावा—बहरीन स्थित अमेरिकी जुफैर सैन्य अड्डे पर मिसाइल हमला

08 Mar 2026 00:22:53

तेहरान/मनामा, 09 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है। ईरान की सैन्य इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा कि उसने बहरीन में स्थित जुफैर नेवल बेस को निशाना बनाया।

आईआरजीसी के अनुसार यह कार्रवाई उस कथित हमले के जवाब में की गई, जिसमें जुफैर बेस से ईरान के केशम द्वीप स्थित एक समुद्री जल शोधन संयंत्र पर हमला किया गया था। संगठन ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा कि सटीक निशाना लगाने वाली ठोस और तरल ईंधन से चलने वाली मिसाइलों से इस अमेरिकी ठिकाने पर हमला किया गया।

हालांकि इस हमले से हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।

इससे पहले, ईरान के एक सैन्य प्रवक्ता ने चेतावनी दी थी कि यदि अमेरिकी युद्धपोत पर्सियन गल्फ में प्रवेश करते हैं, तो उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया था कि अमेरिकी नौसेना तेल टैंकरों की सुरक्षा के लिए जहाज तैनात कर सकती है।

तेल टैंकरों के लिए यह मार्ग विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि वे अक्सर स्ट्रेट ऑफ होरमुडज से होकर गुजरते हैं, जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम समुद्री रास्ता माना जाता है।

विश्लेषकों का कहना है कि हालिया घटनाक्रम से क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है तथा खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति और जटिल हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0