
मुरादाबाद, 08 मार्च (हि.स.)। बेसिक शिक्षा परिषद की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए मुरादाबाद मंडल के खिलाड़ी रविवार को ट्रेन के द्वारा अयोध्या के लिए रवाना हो गए। बेसिक शिक्षा परिषद की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 9, 10 और 11 मार्च को डॉ. भीमराव अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, प्रयागराज रोड ढावा सेवर, अयोध्या में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में मण्डल स्तर पर विजेता खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ियों का दल कैंटीजेंट लीडर बीईओ मनोज कुमार बोस व मण्डल प्रभारी एवं जिला व्यायाम शिक्षक गंगासरन के नेतृत्व में रवाना हुआ।
खिलाड़ियों के साथ अयोध्या गए राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित डॉ. हरनन्दन प्रसाद ने बताया कि मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले पांचों जनपदों के विजेता खिलाड़ी अपने-अपने टीम प्रभारी एवं शिक्षकों के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए अयोध्या रवाना हो गए। मुरादाबाद जनपद के विभिन्न विकास खंडों के चयनित खिलाड़ी भी पूरे उत्साह के साथ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रस्थान कर गए। इससे पूर्व चंदौसी में आयोजित मण्डल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में जनपद मुरादाबाद ऑल ओवर चैंपियन रहा था।
डॉ. हरनन्दन प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता में एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ियों के साथ डॉ. हरनन्दन प्रसाद, करतार सिंह, रामचन्द्र, अरविंद कुमार, अनिरुद्ध प्रताप सिंह, मीनू रानी, मुताहिर हुसैन सहित शिक्षक अपनी-अपनी टीमों के साथ राज्य स्तर के खेलों के लिए अयोध्या रवाना हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल