प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दी शुभकामनाएं

08 Mar 2026 11:52:53
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस


नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस' के अवसर पर देश की नारी शक्ति को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण और भारत की प्रगति में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और उनके अटूट दृढ़ संकल्प की सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा, हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी रचनात्मकता, अद्वितीय उत्साह और संकल्प के साथ देश के भविष्य को आकार दे रही हैं। महिलाओं की उपलब्धियां न केवल राष्ट्र के लिए गौरव का स्रोत हैं बल्कि एक 'विकसित भारत' के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को भी मजबूती प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों के मूल में महिला सशक्तिकरण रहा है। सरकार प्रत्येक महिला को अपनी पूरी क्षमता का एहसास कराने और विकास पथ पर समान अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारत की नारी शक्ति की उपलब्धियां गौरव का स्रोत हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी परिवर्तनकारी भूमिका की सशक्त याद दिलाती हैं। भारत जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, महिलाओं की आकांक्षाएं और योगदान एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र की ओर हमारी सामूहिक यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के साथ पिछले 10 वर्षों में महिलाओं के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों और उनकी सशक्तिकरण यात्रा की एक झलक भी साझा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0