तृणमूल कांग्रेस का व्यवहार राष्ट्रपति की गरिमा और पूरे आदिवासी समाज का अपमान : तरुण चुग

08 Mar 2026 16:00:53
भाजपा महासचिव तरुण चुग


नई दिल्ली, 08 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी

(भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि राष्ट्रपति पद देश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था है और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस द्वारा इस पद की गरिमा को ठेस पहुंचाना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।

तरुण चुग ने रविवार को प्रेस बयान जारी कर कहा कि यह केवल संवैधानिक पद का अपमान नहीं बल्कि पूरे देश के आदिवासी समाज की गरिमा पर सीधा आघात है।

चुग ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार घबराहट और राजनीतिक हताशा में लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। राष्ट्रपति का पद राजनीति से ऊपर और देश का सबसे बड़ा संवैधानिक व गरिमापूर्ण पद है। यह केवल संवैधानिक पद का ही नहीं बल्कि देश के आदिवासी समाज और बेटियों का भी अपमान है।

उन्होंने कहा कि पहले मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कैंपेन चलाया गया, कभी प्रभु श्रीराम का विरोध किया कभी सनातन का विरोध, भारतीय सेना के शौर्य का अपमान और अब राष्ट्रपति पद की गरिमा से जुड़ी यह घटना स्पष्ट करती है कि ममता बनर्जी संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करना भूल चुकी हैं।

चुग ने कहा कि पश्चिम बंगाल और देश की जनता सबकुछ देख और समझ रही है। ममता बनर्जी की विभाजनकारी और अराजक राजनीति राज्य को अस्थिर कर रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

चुग ने कहा कि बंगाल की जनता अब इस अपमान का लोकतांत्रिक जवाब देने के लिए तैयार है और आने वाले समय में ममता बनर्जी की राजनीति को जनता स्वयं करारा उत्तर देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0