असम चुनाव से पहले अगप के जयंत खाउंद समेत 16 नेता कांग्रेस में शामिल

09 Mar 2026 19:18:53
नई दिल्ली में सोमवार को असम के प्रभारी महासचिव जितेन्द्र सिंह, पीसीसी अध्यक्ष गौरव गोगोई और वरिष्ठ पर्यवेक्षक डीके शिवकुमार की उपस्थिति में असम गण परिषद के जयंत खाउंद सहित 16 नेता कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करते हुए।


नई दिल्ली में सोमवार को असम के प्रभारी महासचिव जितेन्द्र सिंह, पीसीसी अध्यक्ष गौरव गोगोई और वरिष्ठ पर्यवेक्षक डीके शिवकुमार की उपस्थिति में असम गण परिषद के जयंत खाउंद सहित 16 नेता कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करते हुए।


नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। असम गण परिषद (अगप) के राष्ट्रीय मुख्य वित्त सचिव रहे जयंत खाउंद सहित 16 नेता सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। इन सभी नेताओं ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में असम प्रभारी महासचिव जितेन्द्र सिंह, पीसीसी अध्यक्ष गौरव गोगोई और असम के वरिष्ठ पर्यवेक्षक डीके शिवकुमार की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

गौरव गोगोई ने कहा कि आज असम विधानसभा चुनाव के संदर्भ में बहुत महत्वपूर्ण दिन है। असम के लोग जयंत खाउंद को भली-भांति जानते हैं और वह लंबे समय से जनता के लिए काम करते रहे हैं। पिछले कुछ समय से जयंत खाउंद कांग्रेस के संपर्क में थे और उन्होंने पार्टी में शामिल होने की इच्छा जताई थी। उनके इस फैसले से उनके विधानसभा क्षेत्र के लोग भी उत्साहित हैं।

गोगोई ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जयंत खाउंद कांग्रेस के साथ मिलकर मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। उनके साथ कई अन्य सहयोगी भी दिल्ली आए हैं, जो कांग्रेस की सदस्यता लेंगे। उन्होंने कहा कि असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ जनता में नाराजगी है और लोग उनकी कार्यशैली से असंतुष्ट हैं।

जितेंद्र सिंह ने कहा कि जयंत खाउंद ने एक युवा नेता के रूप में राजनीति की शुरुआत की और असम की संस्कृति की रक्षा के लिए लगातार काम किया है। प्रदेश में हिमंता सरकार बनने के बाद क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने की कोशिशें हुईं, लेकिन जयंत खाउंद अपने मूल्यों पर कायम रहे। उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0