नई दिल्ली में 11–13 मार्च तक होगा वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2026, आठ देशों के 250 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

09 Mar 2026 21:32:53

नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। भारत एक बार फिर वैश्विक पैरा खेलों के केंद्र में रहने जा रहा है। राजधानी में 11 से 13 मार्च तक विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2026 के दूसरे संस्करण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आठ देशों के लगभग 257 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा रूस, नेपाल, भूटान, हांग कांग, सर्बिया, बोस्निया और हर्ज़ेगोविना और मिस्र के खिलाड़ी भाग लेंगे। भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में सबसे बड़ा दल उतारेगी, जिसमें करीब 219 खिलाड़ी विभिन्न ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

प्रतियोगिता में भारत के कई प्रमुख पैरा एथलीट भी भाग लेंगे। इनमें पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलु, विश्व रिकॉर्डधारी और पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल और स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार शामिल हैं। इसके अलावा अजीत सिंह, देवेन्द्र सिंह गुर्जर, एशियन पैरा गेम्स मेडल विजेता अंकुर धामा, टी12 स्प्रिंटर सिमरन शर्मा और प्रीति पाल भी भारतीय टीम में शामिल हैं।

यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि इसमें अंतरराष्ट्रीय वर्गीकरण के 74 स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। इनमें शारीरिक दिव्यांगता वाले खिलाड़ियों के लिए 39, दृष्टि बाधित खिलाड़ियों के लिए 29 और बौद्धिक दिव्यांगता वाले खिलाड़ियों के लिए 6 स्लॉट निर्धारित किए गए हैं। इससे भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवश्यक वर्गीकरण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

भारतीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र झाझरिया ने कहा कि भारत के लिए इस प्रतियोगिता की मेजबानी करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आठ देशों के 250 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी भारत में पैरा एथलेटिक्स के बढ़ते वैश्विक महत्व को दर्शाती है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में आयोजित इस प्रतियोगिता के पिछले संस्करण में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 134 पदक—45 स्वर्ण, 40 रजत और 49 कांस्य—अपने नाम किए थे और पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। आयोजकों को उम्मीद है कि 2026 का यह संस्करण भी पैरा एथलेटिक्स के विकास को नई गति देगा।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0