आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित, सैमसन और बुमराह सहित 4 भारतीय शामिल

09 Mar 2026 21:12:53

दुबई, 11 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) टी20 विश्व कप 2026 ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ की घोषणा कर दी है। इस टीम में चैंपियन बनी भारतीय टीम के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं।

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। उन्होंने पांच पारियों में 321 रन बनाए और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 89 रन की पारी खेली, जो टी20 विश्व कप फाइनल का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर रहा।

ईशान किशन ने भी टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 317 रन बनाए और शीर्ष क्रम में भारत की बल्लेबाजी को मजबूती दी। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया। उन्होंने दो अर्धशतक लगाए और पूरे टूर्नामेंट में नौ विकेट भी झटके।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ मैचों में 14 विकेट हासिल किए और संयुक्त रूप से टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे। फाइनल मुकाबले में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया।

इस टीम में पाकिस्तान के साहिजादा फरहान को सलामी बल्लेबाज के रूप में जगह मिली है, जिन्होंने 383 रन बनाकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि उनके हमवतन तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को भी टीम में शामिल किया गया है।

इंग्लैंड के विल जैक्स और आदिल राशिद, वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर तथा जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजारबानी को भी टीम में स्थान मिला है। वहीं, अमेरिका के शेडली वैन शाल्कविक को 12वें खिलाड़ी के रूप में चुना गया है।

आईसीसी के चयन पैनल में इयान बिशप, नेटली जर्मनोस, इयोन मोर्गन, गौरव सक्सेना और रेक्स क्लेमेंटाइन शामिल थे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0