लोकसभा की कार्यवाही में बाधा डाल रहे विपक्ष को जगदंबिका पाल ने आड़े हाथों लिया

09 Mar 2026 16:49:53
पीठासीन अध्यक्ष जगदंबिका पाल का फोटो


पीठासीन अध्यक्ष जगदंबिका पाल का फोटो


नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स)। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामा के चलते कल (मंगलवार) तक के लिए स्थगित की गई है। पीठासीन अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने लोकसभा की कार्यवाही में बाधा डाल रहे विपक्षी दल के सदस्यों को समझाया और विपक्षी दलों के सांसदों को आड़े हाथों लिया।

विपक्ष दलों के सांसदों ने अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग पर आज जमकर हंगामा किया। विपक्ष ने जंग के बाद पश्चिम एशिया में बने हालातों का भारत पर असर पर चर्चा की मांग करता रहा। सरकार ने कहा कि विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर लाई है, हम इस पर चर्चा करने पर तैयार हैं। लेकिन विपक्ष पश्चिम एशिया में बने हालातों पर चर्चा की मांग कर रहा था, जिस पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सदन में विस्तार से जबाव दिया।

पीठासीन अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने विपक्ष के इस व्यवहार से नराजगी जताते हुए कहा कि सदन चलाने में डेढ़ करोड़ रुपये प्रति घंटा खर्च होता है। एक-एक मिनट का ढाई लाख रुपया खर्च होता है। एक दिन में 9 करोड़ रुपये खर्च होता है। अपने गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के कारण विपक्ष एक दिन का 9 करोड़ रुपये बर्बाद कर रहा है, ये जनता का पैसा है।

जगदंबिका पाल ने कहा कि देश देख रहा है कि सरकार सदन चलाना चाहती है, लेकिन आप नहीं चलाना चाहते। ये गैर-जिम्मेदाराना आचरण है, अपरिपक्व व्यवहार है। पीठासीन अध्यक्ष पाल ने इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही में बाधा डाल रहे सदस्यों को समझाया, लेकिन व्यवधान जारी रहने के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0