प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के पंजीयन अभियान में मध्य प्रदेश का बैतूल देश में दूसरे स्थान पर

09 Mar 2026 22:26:53
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (प्रतीकात्मक)


- योजना के पंजीयन में मध्य प्रदेश को मिला देशभर में चौथा स्थान

भोपाल, 09 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना में 15 जनवरी से 8 मार्च 2026 तक आयोजित विशेष पंजीयन अभियान में श्रमिकों के पंजीयन में मध्य प्रदेश ने देश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। मध्य प्रदेश का बैतूल जिला सर्वाधिक 1774 पंजीयन के साथ देशभर में दूसरे स्थान है। वहीं, नर्मदापुरम जिला 1501 पंजीयन के साथ तीसरे स्थान पर रहा है।

जनसम्पर्क अधिकारी आरआर पटेल ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले रेहड़ी-पटरी वाले, रिक्शा चालक, घरेलू कामगार आदि जिनकी आयु 18 वर्ष से 40 वर्ष के बीच है तथा मासिक आमदनी 15 हजार रुपये से कम है, उनके लिये केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना प्रारम्भ की गई है। योजना में पंजीकृत श्रमिक को 60 वर्ष की आयु के बाद प्रतिमाह 3 हजार रुपये निश्चित मासिक पेंशन दिये जाने का प्रावधान है। इस योजना में श्रमिक और सरकार द्वारा अंशदान दिया जाता है। अंशदान की राशि श्रमिक की आयु अनुसार 55 रुपये से 200 रुपये तक निर्धारित है। यदि लाभार्थी की मृत्यु हो जाती है तो पति/पत्नी को पेंशन का 50 प्रतिशत (1500 रुपये) दिये जाने के प्रावधान है। इस योजना में पंजीयन कॉमन सर्विस सेंटर अथवा maandhan.in Portal पर आधार कार्ड और बैंक खाते के साथ किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक श्रमिकों के पंजीयन के उद्देश्य से देशभर में 15 जनवरी 2026 से 15 मार्च 2026 तक विशेष पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत बैतूल जिले में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अब तक कुल 1774 श्रमिकों का पंजीयन किया जा चुका है, जिससे बैतूल जिला उक्त अभियान अवधि में पूरे देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0