तेहरान, 09 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के दसवें दिन मानवीय संकट और गहराता नजर आ रहा है। ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री अली जाफरियान के अनुसार अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष में अब तक ईरान में 1,255 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
मीडिया को दिए साक्षात्कार में जाफरियन ने बताया कि रविवार रात तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार युद्ध में मारे गए लोगों की उम्र आठ महीने के शिशु से लेकर 88 वर्ष तक है। उन्होंने कहा कि मृतकों में करीब 200 महिलाएं भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस संघर्ष का असर चिकित्सा व्यवस्था पर भी पड़ा है। अस्पतालों में लगातार बड़ी संख्या में घायल लोगों को लाया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य तंत्र पर भारी दबाव पड़ गया है। जाफरियन ने बताया कि चिकित्सा कर्मियों को भी इस हिंसा का खामियाजा भुगतना पड़ा है। अब तक 11 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हो चुकी है और 55 अन्य घायल हुए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अस्पतालों को एक साथ बड़ी संख्या में युद्ध पीड़ितों का इलाज करना पड़ रहा है, जिससे संसाधनों और स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। ऐसे में यदि संघर्ष जल्द नहीं थमता है तो मानवीय संकट और गंभीर हो सकता है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय