राजपुताना स्टेनलेस लिमिटेड का आईपीओ पहले दिन 30 फीसदी सब्सक्राइब

युगवार्ता    09-Mar-2026
Total Views |
राजपुताना स्टेनलेस लिमिटेड के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स)। राजपूताना स्टेनलेस लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) सोमवार को बोली के पहले दिन 30 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी के शेयर 16 मार्च को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने के लिए प्रस्तावित है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के मुताबिक आईपीओ को 63,04,430 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि 2,09,00,000 शेयरों की पेशकश की गई है।

आंकड़ों के अनुसार पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 99 फीसदी अभिदान मिला है, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों के कोटा को 65 फीसदी अभिदान मिला। खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आईआईआई) के हिस्से को चार फीसदी अभिदान मिला है।

राजपूताना स्टेनलेस लिमिटेड के इस आईपीओ में 1,46,50,000 इक्विटी शेयर तक का ताजा निर्गम और 62,50,000 इक्विटी शेयर तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 116-122 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ये आईपीओ आज खुला, जो बुधवार, 11 मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए बंद हो जाएगा।

कंपनी ने एंकर निवेशक शाइन स्टार बिल्ड कैप से 10 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह फर्म स्टेनलेस-स्टील के कई उत्पाद बनाती है, जिसमें बिलेट्स, फोर्जिंग इनगॉट्स, रोल्ड ब्लैक बार्स, रोल्ड ब्राइट बार्स, फ्लैट्स, पट्टी और अन्य सहायक उत्पाद शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags