मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य का आराेप - चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ की बैठक में मुझे डांटकर चुप कराया गया

09 Mar 2026 14:41:53
मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात के बाद पत्रकारों से मुखातिब तृणमूल प्रतिनिधि मंडल


कोलकाता, 09 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के बाद तृणमूल कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राज्य की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने दावा किया कि बैठक के दौरान उन्हें डांटकर चुप रहने को कहा गया, जिससे वह बेहद असंतुष्ट हैं।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि जब उन्होंने अपनी बात रखनी चाही तो मुख्य चुनाव आयुक्त ने उन्हें “डोंट शाउट” कहकर रोक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह व्यवहार महिलाओं के प्रति सम्मान की कमी को दर्शाता है। उनका कहना था कि अगर मतदाता सूची में किसी महिला का नाम नहीं है तो उसे साबित करने की जिम्मेदारी आयोग की है, न कि लोगों को लाइन में खड़े होकर अपनी नागरिकता साबित करनी चाहिए।

तृणमूल के प्रतिनिधिमंडल में मौजूद कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह धारणा बना दी है कि पश्चिम बंगाल रोहिंग्या और घुसपैठियों का ठिकाना है, जिसके आधार पर आयोग ने नीतियां बनाई हैं। हकीम ने आरोप लगाया कि नागरिकता सत्यापन से जुड़ी प्रक्रिया में आम लोगों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है और कई लोग घंटों लाइन में खड़े होने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि बीते दो महीनों की प्रक्रिया में घुसपैठ के ठोस प्रमाण सामने नहीं आए, लेकिन भारतीय नागरिकों को ही परेशान किया गया। हकीम ने दावा किया कि इस प्रक्रिया के कारण कई लोग बीमार पड़े और कई मौतें भी हुई हैं। उन्होंने आयोग से अपील की कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी भारतीय नागरिक अधिकारों से वंचित न हो।

दूसरी ओर, बैठक के बाद कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य ने कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य मुद्दा चुनाव की निष्पक्षता और सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि चुनाव एक चरण में हो या कई चरणों में, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि मतदान निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराया जाए।

गौरतलब है कि, पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर चुनाव आयोग की पूर्ण पीठ राज्य में राजनीतिक दलों और प्रशासन के साथ बैठक कर रही है, जिसमें चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0