
नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स)। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का असर विमान सेवाओं पर पड़ा है, जिससे बड़ी संख्या में लोग वहां फंस गए हैं। ईरान और इजराइल में तनाव के बीच आज भारतीय एयरलाइंस कंपनियां एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा वहां से लगभग 50 उड़ानें संचालित करेंगी। यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन क्षमता को देखते हुए उठाया है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि पश्चिम एशिया में बदलते हालात पर मंत्रालय करीब से नजर रख रहा है। दुबई, मस्कट, अबू धाबी, फुजैरा और जेद्दा जैसे शहरों से उड़ानों का संचालन जारी है। एयर इंडिया 10-18 मार्च के बीच 9 रूट्स पर 78 अतिरिक्त् फ्लाइट्स भी जोड़ेगी, ताकि कैपेसिटी बढ़ाई जा सके। यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू उड़ान संचालन सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइंस वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक परिचालन बदलाव कर रही हैं।
मंत्रालय के मुताबिक 7 मार्च को भारत की विमानन कंपनियों की कुल 51 उड़ानें इस क्षेत्र से भारत पहुंचीं, जिनमें 8,175 यात्री सवार थे। इसी तरह 8 मार्च को एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा ने दुबई, अबू धाबी, रस अल खैमाह, फुजैरा, मस्कट और जेद्दा जैसे क्षेत्रीय हवाई अड्डों से 49 आगमन उड़ानों का संचालन किया। भारतीय एयरलाइंस क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों पर जमीनी स्थिति का लगातार आकलन कर रही हैं, ताकि इन स्थानों से भारतीय एयरलाइंस द्वारा अधिक उड़ानें संचालित की जा सकें।
नागर विमानन मंत्रालय एयरलाइंस और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। टिकटों की कीमतें उचित स्तर पर बनी रहें और इस दौरान उनमें अनावश्यक बढ़ोतरी न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए हवाई किरायों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा यात्रियों को उड़ान समय-सारणी संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए अपनी-अपनी एयरलाइनों के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है। मंत्रालय स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए रखेगा और जरूरत पड़ने पर आगे की जानकारी उपलब्ध कराएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर